निम्स यूनिवर्सिटी में करीब 33 लाख रु. का गबन करने के आरोप में गिरफ्तार हुए अनुराग तोमर को पुलिस ने आज कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जयपुर ग्रामीण जिले की चंदवाजी थाना पुलिस ने अनुराग को कल हिरासत में लिया था। वह निम्स यूनिवर्सिटी के चेयरमेन बलबीर सिंह तोमर का बेटा है और ट्रस्ट का डायरेक्टर भी है। अनुराग पर ट्रस्ट के करीब 33 लाख रुपए गबन कर व्यक्तिगत इस्तेमाल करने का आरोप है।
सीओ गोविंदगढ़ दीपक शर्मा ने बताया कि मई 2017 में निम्स यूनिवर्सिटी के चेयरमैन बीएस तोमर ने अपने बेटे अनुराग के खिलाफ रुपए गबन का मुकदमा चंदवाजी थाने में दर्ज कराया था। मामले में अनुसंधान के बाद पुलिस ने बुधवार को अनुराग को जयपुर से पूछताछ के लिए हिरासत में लिया और देर रात गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आज कोर्ट में पेश किया गया था।