गाजियाबाद से गर्मियों की छुट्टियां बिताने ननिहाल जयपुर आई चार साल की मासूम बच्ची को मंगलवार को तेज रफ्तार कार ने कुचलकर चली गई।
पुलिस के मुताबिक हादसे की शिकार चार वर्षीया तमन्ना पुत्री लोकेश कुमार थी। मंगलवार सुबह वह अपनी मां व मौसी के साथ कहीं जाने के लिए घर से बाहर आमेर रोड पर आई थी। सुबह करीब सवा छह बजे गंगापोल सरकारी डिस्पेंसरी के पास तेज रफ्तार एक कार आई और तमन्ना को टक्कर मारते हुए चली गई।
यह देखकर तमन्ना की मां व मौसी चिल्लाती रही। लेकिन कार का ड्राइवर बच्ची को कुचलते हुए चला गया। गंभीर हालत में बच्ची को एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक तमन्ना दो दिन पहले ही मां अर्चना के साथ छुट्टियां मनाने सुभाष चौक में आमेर रोड पर स्थित बेलदारों की गली में अपने ननिहाल आई थी। पुलिस ने आमेर रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में टक्कर मारने वाली कार सिल्वर कलर की पजेरो जैसी कार सामने आई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके उक्त कार की तलाश शुरु कर दी है।