सीकर में सदर थाना इलाके के खाखोली गांव में शराब पीने के दौरान आपसी कहासुनी में बुजुर्ग को साथ बैठे लोगों ने इतना पीटा की उसकी मौत हो गई। इस संबंध में मृतक के पुत्र ने हत्या का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।
सदर थाना पुलिस के मुताबिक खाखोली निवासी दुर्जनसिंह राजपूत गांव के ही रामेश्वर बलाई के साथ शनिवार को गांव के चौक में पेड़ के नीचे बैठा था। इस दौरान मगनसिंह पुत्र नारायण सिंह, भागीरथ सिंह पुत्र डूंगर सिंह और मगन सिंह पुत्र सगर सिंह भी आ गए। पांचों ने मिलकर पहले तो शराब पी। इस दौरान भागीरथ सिंह ने शराब के नशे में रामेश्वर को पहले तो जाति सूचक गाली निकाली और फिर उसको जमकर पीटा। गांव के ही परमेश्वर ने उसे छुड़ाया और रामेश्वर को उसके घर छोड़ दिया। रामेश्वर के पुत्र का आरोप है कि पिटाई से रविवार को उसके पिता की तबीयत बिगड़ गई। इस पर उन्हें अस्पताल ले जाने लगे तो रास्ते में रामेश्वर ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने रामेश्वर के पुत्र अर्जुनलाल बलाई की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है।