प्रेमनगर पुलिस ने रविवार को चरस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा। आरोपी युवक ने नशे की लत को पूरा करने को नशा बेचने की बात कही है।
रविवार को प्रेमनगर दशहरा ग्राउंड के समीप चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने संदेह होने पर एक्टिवा सवार एक युवक को रोका। तलाशी में उसके पास 150 ग्राम चरस बरामद हुई। युवक की पहचान नीरज गोदियाल (21) पुत्र हरफूल गोदियाल निवासी जनरल विंग, प्रेमनगर के रूप में हुई।
पुलिस को आरोपी युवक ने बताया ने बताया कि वह पढ़ाई करता है। शौक शौक में उसे कुछ समय पहले नशे की लत लग गई। नशे की लत को पूरा करने और पैसों के लालच में बिहारीगढ़, सहारनपुर आदि जगहों से चरस लाकर देहरादून में बेचने का काम करने लगा। आरोपी ने बताया कि वह प्रेमनगर के विभिन्न इंस्टीट्यूट और कालेजों में पढ़ने वाले छात्रों को चरस बेचता था।
युवक से पूछताछ में पुलिस को नशा बेचने वाले अन्य कई लोगों के बारे में जानकारी हाथ लगी है। इसके आधार पर भी पुलिस नशा तस्करों पर शिकंजा कसने की कार्रवाई कर रही है।