रोड एक्सीडेंट को लेकर हुई आपसी रंजिश में हथियारबंद एक गुट ने आज दिनदहाड़े एक परिवार पर हमला कर दिया। जिसमें परिवार के मुखिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जबकि उसकी पत्नी, भाई की बेटी व अन्य लोगों को घायल कर दिया।
वारदात के बाद हमलावर भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। यह वारदात राजस्थान में भरतपुर जिले के डीग कस्बे में हुई। डीग थाना इलाके के परमदरा गांव में बल्लो उर्फ बलराम गुर्जर (48) आज अपने घर पर परिवार जनों के साथ बातचीत कर रहा था।
तभी दोपहर को उनके घर के बाहर एक ट्रैक्टर ट्रॉली आकर रुकी। जिसमें करीब आठ-दस हथियारबंद लोग मौजूद थे। ट्रॉली से उतरते ही हमलावरों ने बलराम के घर में घुसकर सबसे पहले उसे गोली मार दी। इससे सीने में गोली लगने से बलराम की मौके पर ही मौत हो गई।