विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। देर रात परिजन उसके दाह संस्कार की तैयारी कर रहे थे। तभी पुलिस पहुंच गई और अंतिम संस्कार रुकवा दिया।
मामला अलवर जिले का है जहां मुंडावर के सरायकला गांव में रविवार शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतका का देर रात दाह संस्कार करने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान पीहर पक्ष के लोग पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और अंतिम संस्कार रुकवा दिया। शव को मुंडावर स्थित सीएससी में रखवाया, जहां मेडिकल बोर्ड से मृतका का पोस्टमार्टम किया गया।
मुंडावर थाना पुलिस के अनुसार पीहर पक्ष द्वारा मामला दर्ज कराया गया कि 20 वर्षीय सीमा का विवाह 18 अप्रैल 2017 को मुंडावर स्थित सरायकला गांव में चमन धानक के साथ किया गया था, वहीं शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर सीमा को प्रताड़ित किया जाता रहा। वहीं उनके द्वारा दहेज की मांग पूरी नही करने पर उसकी हत्या की गई है । जिस पर पुलिस ने पीहर पक्ष द्वारा दर्ज कराए गए नामों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।