हाईकोर्ट एलडीसी भर्ती परीक्षा में नकल करवाने का मामला सामने आया है। जिसमें एक परीक्षा केंद्र पर वीक्षक ही परीक्षार्थी को नकल करवा रहा था।
यह मामला जयपुर के करधनी थाना इलाके का है। पुलिस ने बताया कि निवारू रोड पर हरनाथपुरा में मदरलैंड स्कूल में रविवार को एलडीसी परीक्षा का केंद्र था। वहां के कर्मचारी ब्रदीनारायण सैनी ने करधनी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि परीक्षा पूरी होने पर कमरा नंबर 1 से 16 तक की ओएमआर शीट्स का कलेक्शन करने का काम उनके जिम्मे था। जिसमें एक से पन्द्रह नम्बर तक की ओएमआर शीट तो जमा हो गई लेकिन, समय निकल जाने के बाद भी 16 नंबर कमरे में ड्यूटी कर रहा परीक्षक हेमंत शर्मा अपनी ओएमआर शीट्स जमा करवाने नहीं आया।
संदेह होने पर बद्रीनारायण सैनी कमरा नंबर 16 में पहुंचा। जहां परीक्षक हेमंत शर्मा उसी कमरे में परीक्षा दे रही परीक्षार्थी सुनिता जानिया की ओएमआर शीट में कुछ लिखवा रहा था। पूछने पर वीक्षक संतुष्ट जबाव नहीं दे सका। तब मामला नकल का सामने आया। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने मामला दर्ज करवाया।