अमर उजाला ब्यूरो
संडीला(हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मल्हेरा में चोरों ने एक सराफा की दुकान से 50 ग्राम सोने और एक किलो के चांदी पार कर दिए। चोरों ने सराफा की दुकान के आस-पास स्थित तीन दुकानों के भी ताले तोड़े लेकिन कुछ भी नहीं चुराया। सराफा की तहरीर पर संडीला कोतवाली में चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है।
संडीला निवासी राजू सोनी की जेवरों की दुकान ओम सांई ज्वैलर्स के नाम से कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मल्हेरा के बाजार में है। सोमवार रात वह अपनी दुकान बंद कर संडीला वापस आ गए थे। मंगलवार की सुबह गांव के कुछ लोगों ने उनकी दुकान का चैनल अलग पड़ा होने और शटर खुला होने की जानकारी फोन पर दी। इस पर वह फौरन ही संडीला से मल्हेरा पहुंच गए। मौके पर देखा कि बाहर लगे चैनल का न सिर्फ ताला तोड़ दिया गया बल्कि चैनल ही उखाड़कर चोरों ने फेंक दिया। दुकान के अंदर रखे 50 ग्राम सोने के जेवर और एक किलो चांदी के जेवर चोरों ने पार कर दिए। इन जेवरों की कीमत सवा दो लाख रुपये बताई गई है।
वहीं चोरों ने थान गांव के रहने वाले मुन्ना की परचून की दुकान के शटर के ताले भी तोड़ दिए। इसके अलावा वहीं स्थित रामशंकर विश्वकर्मा की वेल्डिंग की दुकान का शटर भी चोरों ने ताला तोड़कर खोल दिया। इसी के करीब स्थित एक पान की दुकान का ताला भी चोरों ने तोड़ा, हालांकि इन दुकानों से कोई सामान चोरी नहीं गया। राजू सोनी ने घटना के बारे में तहरीर संडीला कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- सराफा की दुकान से सवा दो लाख के जेवर चोरी
- सोने-चांदी की दुकान को चोरों ने बनाया निशाना
-तीन अन्य दुकानों के भी ताले तोड़े, लेकिन चोरी नहीं की
फोटो- 25 दुकान के बाहर रखा बोर्ड।
फोटो- 26 चोरों द्वारा उखाड़ कर फेंका गया चैनल।