गिरफ्तार आरोपी प्रमोद कुमार प्रजापति
- फोटो : Vishnu Sharma
पत्नी को ससुराल वालों ने साथ नहीं भेजा तो गुस्साया एक व्यक्ति अपनी साली की दो माह की दुधमुंही बच्ची का अपहरण कर भाग निकला। उसके राजधानी जयपुर के करणीविहार इलाके में रहने की सूचना पर पुलिस ने उसे धरदबोचा।
डीसीपी पश्चिम अशोक गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रमोद कुमार प्रजापति है। वह मुरैना, मध्यप्रदेश का रहने वाला है। यहां जयपुर में सिरसी रोड पर डूंगरी पैलेस के पास, करणीविहार इलाके में एक मकान में रह रहा था। उसके कब्जे से एक देशी कट्टा और आठ कारतूस बरामद किए है।
डीसीपी के मुताबिक प्रमोद कुमार की झारखंड के धनबाग जिले के महुदा थाने इलाके में शादी हुई थी। पिछले काफी समय से प्रमोद के ससुराल वाले उसकी पत्नी को नहीं भेज रहे थे। वह पत्नी को लेने के लिए 11 जनवरी को झारखंड गया था। तब ससुर ने पत्नी को साथ भेजने से इंकार कर दिया।
पुलिसकर्मियों पर ताना देशी कट्टा
kidnapping
- फोटो : DEMO PHOTO
मौका पाकर प्रमोद अपनी साली के दो माह की बच्ची का अपहरण करके मध्यप्रदेश आ गया। आरोपी ने बच्ची को मुरैना स्थित घर पर परिजनों के पास छोड़ दिया और खुद भागकर जयपुर आ गया।
वारदात के बाद प्रमोद के खिलाफ महुदा थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जांच में, महुदा थाना पुलिस को आरोपी की मोबाइल लोकेशन जयपुर में करणीविहार इलाके की आई। पुलिस टीम यहां पहुंची।
यहां झारखंड पुलिस टीम ने करणीविहार थाना पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद आरोपी की तलाश में पुलिस की संयुक्त टीम ने कई जगह दबिश दी। बीती शाम को उसकी लोकेशन 200 फीट रोड के पास एक होटल के पास मिली।
जहां आरोपी एक अॉटोरिक्शा में बैठा था। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए घेराबंदी की तो पुलिसकर्मियों को देखकर उसने देशी कट्टा निकाल लिया और फायरिंग करने के लिए कारतूस डालने लगा। इस बीच पुलिसकर्मियों ने उसे धरदबोचा। आज झारखंड पुलिस आरोपी प्रमोद को लेकर रवाना हो गई।