जयपुर में बीती देर रात को एक सिरफिरे ने मकान के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल में आग लगा दी। पेट्रोल नली में लगाई आग से अचानक आग का गोला निकला। इससे आग लगाने वाला युवक भी लपटों की चपेट में आ गया और उसका हाथ झुलस गया। लेकिन वह मौका पाकर भाग निकला।
देर रात बाइक से आग की लपटें उठते देखकर स्थानीय लोगों की नींद खुल गई। तब पुलिस को सूचना दी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है। आग लगाने की यह वारदात मकान के बाहर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसके आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
यह मामला है जयपुर के करणी विहार थाना इलाके का। यहां हीरापुरा पॉवर हाउस के पीछे रहने वाले नरेंद्र कुमावत ने कल रात को अपनी मोटरसाइकिल घर के बाहर खड़ी की थी। देर रात को एक युवक वहां आया। थोड़ी देर वह नरेंद्र के मकान के आसपास टहला और वहां से चला गया।