एक मासूम चोटग्रस्त हालत में झाड़ियों में पड़ा मिला। राहगीरों ने देखा और पुलिस को जानकारी दी। बच्चे को झाड़ियों से बाहर निकाला गया तो लोग उसकी चोट देखकर सन्न रह गए।
दरअसल बांसवाड़ा जिले के गढ़ी थाना क्षेत्र के रीको औद्योगिक क्षेत्र में कल सुबह करीब चार वर्षीय एक बालक झाड़ियों में पड़ा मिला। उसके सिर में चोट होने से कीड़े पड़ गए थे। परतापुर में प्राथमिक उपचार के बाद उसे बांसवाड़ा रैफर किया। यहां उपचार के बाद उसे उदयपुर रैफर करने में आनाकानी की गई। इस पर देर रात बाल कल्याण आयोग की अध्यक्ष तक बात पहुंची। तब जाकर उनके निर्देश पर बालक को उदयपुर रैफर किया गया।
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब नौ बजे गढ़ी रीको औद्योगिक क्षेत्र में एक बालक झाड़ियों में जख्मी हालत में मिला। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे परतापुर सीएचसी लेकर आई। चिकित्सालय में जांच के दौरान पता चला कि बच्चे के सिर में एक गहरा घाव है और उसमें कीड़े पड़ गए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद परतापुर सीएचसी से उसे बांसवाड़ा रैफर कर दिया गया। बालक कुछ भी बताने में अक्षम है और इस कारण उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है।