विषम परिस्थितियों में अपने घर-परिवार से दूर रहकर अपनी सरहद की सुरक्षा में तैनात सीमा प्रहरियों में दीपावली के पर्व को लेकर जबर्दस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। त्यौहार पर भी अपने घर से दूर हमारी सुरक्षा में जुटे सीमा सुरक्षा प्रहरियों के हौसले कितने बुलंद है।
इसकी बानगी देखने को मिली दीपावली के महापर्व पर। जहां राजस्थान के सरहदी जिले जैसलमेर में बीएसएफ के जवानों ने सरहद को अपना सब कुछ मानते हुए अंतराष्ट्रीय बार्डर पर दीपोत्सव मनाते हुए दीपक जलाए। इससे सरहद दीपों की रोशनी से जगमगा उठी।
हमारे जवानों ने आतिशबाजी भी की और राष्ट्र प्रेम का संदेश दिया। सरहद पर तैनात सीमा सुरक्षा बल की महिला सीमा प्रहरियों ने भी सीमा चौकियों पर दीपमाला कर उत्साह एवं उमंग के साथ दीपावली पर्व मनाया।
सीमा चौकियों पर विधि विधान से लक्ष्मी पूजा भी की
दीपोत्सव से रोशन हुई सरहद
- फोटो : Amar Ujala
दीपावली पर्व पर सीमा प्रहरियों ने अंतर्राष्ट्रीय सीमा चौकियों पर दीप जलाए और जमकर आतिशबाजी भी की। दीपोत्सव पर्व पर सीमा प्रहरियों ने एक दूसरे को मुंह मीठा करवाकर दीपावली की शुभकामनाएं दी। सीमा प्रहरियों का हौसला अफजाई करने के लिए बीएसएफ के अधिकारी भी सीमा चौकियों तक पहुंचे तथा जवानों के साथ दीपावली का जश्न मनाया। सीमा प्रहरियों ने सीमा चौकियों पर विधि विधान से लक्ष्मी पूजा भी की।