गिरफ्तार आरोपी शिखा तिवाड़ी उर्फ अंकिता उर्फ डीजे अदा
- फोटो : Vishnu Sharma
जयपुर के हाई प्रोफाइल ब्लैकमेलिंग कांड में एसओजी ने बलात्कार के एक झूठे मुकदमे में राजीनामा करने की एवज में एक करोड़ रुपए वसूलने वाली युवती को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया।
एसओजी के आईजी दिनेश एमएन ने बताया कि 21 वर्षीया गिरफ्तार आरोपी शिखा तिवाड़ी उर्फ अंकिता उर्फ डीजे अदा है। जयपुर में ब्रह्मपुरी स्थित सीताराम बाजार, गया गुरु की गली में रहती है। इन दिनों लोखण्डवाला, अंधेरी वेस्ट, मुम्बई में रह रही है। वह हाईप्रोफाइल लोगों के खिलाफ बलात्कार के झूठे मुकदमे दर्ज करवा ब्लैकमेलिंग कर करोडों रुपये एंठने वाले अन्तर्राज्यीय गिरोह में शामिल है। एसओजी द्वारा दिसम्बर 2016 में बलात्कार की धमकी देकर ब्लैकमैलिंग करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया था। जिसमें अभी तक 32 आरोपी गिरफ्तार हो चुके है। जबकि आरोपी शिखा तिवाड़ी दिसम्बर 2016 से फरार चल रही थी।
इस गिरोह ने जयपुर के वैशाली नगर में मेडिस्पा के नाम से हेयर ट्रांसप्लांट का क्लिनिक चलाने वाले डाॅ. सुनीत सोनी को निशाना बनाया। फिर साजिश रचकर गिरोह की साथी शिखा तिवाड़ी को हेयर ट्रीटमेंट करवाने के बहाने डॉक्टर सुनीत के भेजा।
शिखा ने खुद को डिप्रेशन में बताते हुए डाॅ. सुनीत सोनी को अपने साथ पुष्कर घुमाने चलने का दबाव डाला। वहां शिखा ने साजिश के अनुसार डाॅ.सुनीत सोनी से पुष्कर में एक रिसोर्ट में कमरा बुक करवा दिया। इसके बाद शिखा को वहीं छोड़कर डाॅ. सुनीत रात में ही जयपुर लौट गए।
लेकिन शिखा ने डाॅ. सुनीत को बार-बार फोन कर तबीयत ठीक नहीं होने का बहाना बनाया और वापस पुष्कर आकर ले जाने को कहा। डाॅ. सुनीत रात में वापस अपनी गाड़ी से पुष्कर गया और रात को वहीं रुककर जयपुर आ गया।