डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरुमीत राम रहीम की गिरफ्तारी के बाद पंचकुला में हुई हिंसा के बाद से गायब चल रही उसकी सबसे करीबी हनीप्रीत के ड्राइवर प्रदीप की गिरफ्तारी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पंचकुला हिंसा के बाद हनीप्रीत के साथ उसका विश्वस्त ड्राइवर प्रदीप भी गायब चल रहा था।
हरियाणा की एसआईटी को ड्राइवर प्रदीप के राजस्थान के शेखावाटी में होने की जानकारी मिली। जानकारी के अनुसार ड्राइवर प्रदीप को राजस्थान के सीकर जिले में लक्ष्मणगढ़ तहसील में एक गांव से पकड़ा है। हालांकि राजस्थान पुलिस इस घटना की पुष्टि नहीं कर रही है।
बताया जा रहा है कि प्रदीप को गिरफ्त में लेने के बाद पुलिस उसे सिरसा लेकर रवाना हो गई। इससे दो दिन पहले यह खबरें भी मिली थी कि राम रहीम की राजदार और सबसे करीबी हनीप्रीत का मोबाइल नंबर राजस्थान के बाड़मेर जिले में लॉकेट हुआ है। हालांकि इस घटना की भी पुलिस ने पुष्टि नहीं की थी।
ड्राइवर के राजस्थान से गिरफ्तार होने से हनीप्रीत के भी पंचकुला हिंसा के बाद राजस्थान में छिपे होने की खबरें तेज हो गई हैं। लेकिन अभी तक हनीप्रीत का पता नहीं चल सका है।