मेवाड़ और मारवाड़ के बाद राजस्थान के हाड़ौती में भारी बारिश की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग ने हाड़ौती के लिए अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए प्रशासन ने कमर कस ली है तथा रेस्क्यू टीमों को मुस्तैद कर दिया है।
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी हाड़ौती के कोटा, झालावाड़ व बारां जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। इस अलर्ट को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए इन जिलों में राहत बचाव दल तैनात कर दिए हैं।आज बारां, कोटा समेत कई क्षेत्रों में तेज बारिश होने से नदी-नालों में पानी की आवक बढ़ गई। कुछ जगह पानी भरने के भी समाचार है।
मारवाड़ और मेवाड़ में पिछले चार-पांच दिन से भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हुए है। हालांकि कुछ इलाकों में बारिश थमने से स्थिति नियंत्रण में है। आपदा प्रबंधन एवं राहत सचिव हेमन्त गेरा ने बताया कि जालौर, सिरोही और पाली में जलस्तर कम होने के कारण स्थिति में थोड़ा काबू में आई है। जालौर जिले के सांचौर में अभी तक 648 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। गेरा के मुताबिक आज बारिश की वजह से किसी की मौत की सूचना नहीं मिली है। एक जून से अभी तक वर्षा और डूबने की वजह से करीब 22 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, आकाशीय बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत हुई है।