अजमेर के केकड़ी में 40 वर्षीय अधेड़ महिला को डायन बताकर बेरहमी से मारने वाले आरोपियों के खिलाफ आखिरकार पुलिस ने शाम पांच बजे मुकदमा दर्ज किया। मामले में चार लोगों को नामजद किया गया है।
दरअसल, मामला केकड़ी की रहने वाली कन्यादेवी का है। कन्यादेवी को डायन बताकर यातनाएं दी गई और उसे मौत के घाट उतार दिया गया। मामले में जब कन्या देवी के भतीजे ने शिकायत दी तो पुलिस ने पास के रिश्तेदार द्वारा रिपोर्ट नहीं देने की बात कहकर मुकदमा दर्ज नहीं किया था। इसके बाद अमर उजाला ने आज सुबह महिला आयोग अध्यक्ष सुमन शर्मा से बात कर मुकदमा दर्ज नहीं होने की बात कही। जिसके बाद घटना को गंभीरता से लिया गया। शर्मा् ने बताया कि बीती रात्रि में ही उन्होंने एसपी को मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे।
अमर उजाला ने पूरी घटना को प्रमुखता से उजागर किया तब जाकर पुलिस प्रशासन हरकत में आया। आखिरकार शाम पांच बजे मुकदमा दर्ज कर लिया गया। जांच अधिकारी हजारीलाल मीणा ने बताया कि सोनिया, पिंकी, महावीर, चन्द्रप्रकाश सहित अन्य के खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 201 व डायन प्रताड़ना अधिनियम की धारा 3, 4 और 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।