कॉलेज के रिकॉर्ड की जानकारी नेट से जुटाकर जांच करने के लिए वह कॉलेज पहुंचा और फिर छापा पड़वाने की धमकी देने लगा। तभी उसकी पोल खुल गई।
फर्जी इनकम टैक्स आॅफिसर बनकर एक कॉलेज में पहुंचा युवक रंगे हाथों पकड़ा गया। यह मामला है राजस्थान के झालावाड़ जिले में झालरापाटन का। यहां भवानी मंडी रोड पर दर्शन बीएड कॉलेज में आज एक युवक इनकम टैक्स आॅफिसर बनकर पहुंचा और छापा पड़वाने की धमकी देने लगा।
इस दौरान उसने पांच लाख रुपए की मांग कर डाली। कॉलेज प्रबंधन ने उसे कमरे में बिठाया और आवभगत की। साथ ही इसकी जानकारी संचालक मनोज लालवानी को दी। इस दौरान स्टाफ ने उसकी मोबाइल से फोटो ले ली और उसे कॉलेज के ग्रुप में डाल दी।
शक हुआ और फिर...
गिरफ्तार
- फोटो : FILE PHOTO
इधर, शक होने पर लालवानी ने पुलिस को इसकी सूचना दी। थोड़ी देर में झालरापाटन पुलिस सूचना मिलने पर झालरापाटन पुलिस मौके पर पहुंची। प्रांरभिक पूछताछ करने पर यह युवक टूट गया और फर्जी अधिकारी बनकर ठगी की बात कबूली। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। युवक का नाम वीरेंद्र है और वह कोटा के रामगंज मंडी इलाके का रहने वाला है।
पोस्ट ग्रेजुएट यह युवक अकाउंट्स का काम कर चुका है। वह इंटरनेट पर इन कॉलेजों के बारे में जानकारी हासिल करता है और फिर कॉलेजों की खामियों के बारे में जानकारी जुटाता है। इसके बाद फर्जी तरीके से डॉक्यूमेंट्स बनाकर संबंधित कॉलेज में फर्जी इनकम टैक्स आॅफिसर बनकर जाता है।