जैसलमेर के पोकरण कस्बे में आज एक वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ मारपीट की घटना ने तूल पकड़ लिया। घटना के विरोध में अधिवक्ता पुलिस थाना पोकरण के बाहर धरने पर बैठ गए। जिला बार एसोसिएशन ने भी घटना की निंदा करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
अधिवक्ताओं ने पुलिस थाना पोकरण के थानाधिकारी माणकराव विश्नोई को एपीओ करने व आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करने तक न्यायिक कार्यों के बहिष्कार की चेतावनी दी। जानकारी के अनुसार, पोकरण कस्बे में आज वरिष्ठ अधिवक्ता तनेरावसिंह भाटी के साथ पुलिस थाना पोकरण परिसर में ही उपस्थित भीड़ ने मारपीट कर दी। बचने के लिए अधिवक्ता पुलिस थाना परिसर से कोर्ट परिसर की तरफ भागा, लेकिन भीड़ ने उसे पकड़ लिया। समूचे घटनाक्रम की निंदा करते हुए अभिभाषक संघ पोकरण ने पुलिस थाने के बाहर ही धरना प्रारंभ कर दिया।
पोकरण के अधिवक्ता संघ ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भेजकर पुलिस थाना पोकरण के सीआई पर जानबूझकर वरिष्ठ अधिवक्ता तनेरावसिंह को पिटवाने का आरोप लगाया। संघ ने पुलिस थाना पोकरण के थानाधिकारी माणकराव विश्नोई को तत्काल प्रभाव से लाईन हाजिर करने की मांग की है। वहीं न्यायिक कार्यों के बहिष्कार की भी चेतावनी दी।