महज 20 हजार रुपए में सौदा कर गैरकानूनी तरीके से भ्रूण लिंग परीक्षण करने वाले एक झोलाछाप डॉक्टर को पीसीपीएनडीटी सेल की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
राजस्थान पीसीपीएनडीटी सेल की यह 19 वीं इंटरस्टेट कार्रवाई है। जिसमें टीम ने मध्यप्रदेश के गुना जिले में कार्रवाई कर विकासनगर निवासी आरोपी डॉक्टर इरशाद को गिरफ्तार किया। राज्य समुचित प्राधिकारी के अध्यक्ष एवं मिशन निदेशक एनएचएम नवीन जैन के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।
झोलाछाप चिकित्सक इरशाद द्वारा मध्यप्रदेश के गुना जिले में सीमावर्ती बारां व झालावाड़ जिले की गर्भवती महिलाओं की गर्भस्थ शिशु की लिंग परीक्षण एवं गर्भपात करवाया जा रहा था। इसकी शिकायतें मिलने पर उसे पकड़ने के लिए डिकॉय आॅपरेशन टीम गठित कर एमपी भेजा। जहां कल शाम को आरोपी इरशाद को पकड़ा।
इसके लिए एक गर्भवती महिला और सहयोगी को बोगस ग्राहक बनाकर झोलाछाप चिकित्सक आरोपी इरशाद के निजी क्लिनिक पर भेजा गया। उसने भ्रुण लिंग जांच के लिए 20 हजार में सौदा किया। इसके बाद गर्भवती महिला को गुना में ही स्थित कंचन मेडिकेयर एंड रिसर्च सेंटर पर सोनोग्राफी करवाने भेजा और सोनोग्राफी करवाने के बाद वापिस अपने क्लिनिक पर बुलाया।
20 हजार रुपए के नोट बरामद
चिकित्सक
- फोटो : Demo pic
नवीन जैन के मुताबिक सोनोग्राफी सेन्टर के चिकित्सक द्वारा बोगस ग्राहक की सामान्य सोनोग्राफी कर सोनोग्राफी रिपोर्ट गर्भवती महिला को दे दी गयी। इसके बाद झोलाछाप इरशाद अपनी क्लिनिक पर गर्भवती महिला को भ्रूण लिंग के बारे में जानकारी देने लगा।
ईशारा मिलते ही राज्य पीसीपीएनडीटी टीम ने दलाल झोलाछाप चिकित्सक इरशाद के कब्जे से हूबहू नम्बरी राशि जब्त कर 20 हजार रुपए के नोट बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया। दलाल से डिकाॅय टीम द्वारा विस्तृत पूछताछ के बाद बताया कि गर्भवती महिला की सामान्य सोनोग्राफी करवाकर स्वयं मनगढंत रूप से लिंग सूचना देना पाया गया।