सायबर ठगी करने वाले गिरोह के हौंसले कितने बुलंद है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने राजस्थान पुलिस में सीआईडी क्राइम ब्रांच में तैनात एक कांस्टेबल को ही अपना शिकार बनाया।
बदमाशों ने आॅनलाइन ठगी कर कांस्टेबल के बैंक खाते से करीब 34 हजार रुपए निकाल लिए। जिसका पता चलने पर सिपाही ने ज्योति नगर थाने में मुकदमा दर्ज करवाया। जांच थानाप्रभारी रघुवीर सिंह भाटी कर रहे है। पुलिस के मुताबिक सायबर ठगी की वारदात कांस्टेबल संजय शर्मा से हुई। वह पुलिस हैडक्वार्टर में सीआईडी क्राइम ब्रांच में पदस्थापित है। संजय ने ज्योति नगर थाने पहुंच कर मुकदमा दर्ज करवाया।
रिपोर्ट में संजय ने बताया कि 16 मार्च को सुबह करीब 11:30 बजे उन्हें मोबाइल पर फोन किया। खुद को बैंककर्मी बता रहे आरोपियों ने संजय से उनसे छह अंकों का वन टाईम पासवर्ड पूछा। विश्वास में आकर संजय ने यह नंबर बता दिए। कुछ देर बाद ही उनके खाते से आॅनलाइन 39 हजार 989 रुपयों का ट्रांजेक्शन हो गया। मोबाइल पर आए मैसेज से इसका पता चला।