बाइक सवार दो बदमाशों ने महज 57 सैकंड के भीतर भीड़भाड़ वाले बाजार में खड़ी कार से 57 लाख रुपए पार कर लिए। वारदात से इलाके में सनसनी मच गई। वहीं, पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
यह वारदात राजस्थान के भीलवाड़ा शहर में हुई कोतवाली थाना पुलिस के मुताबिक लोज़ी कैश कम्पनी बैंकों के एटीएम में रुपए डालने का काम करती है। इसी कंपनी के दो कर्मचारी अभिषेक व दुर्गेश आज दोपहर को पंजाब नैशनल बैंक, सब्जीमंडी रोड से 57 लाख रुपए लेकर शहर के सूचना केंद्र स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में रखने के लिए रवाना हुए थे। रुपयों से भरा बैग बैंक से अनुबंधित कार की डिक्की में रखा था।
दोनों कर्मचारियों के मुताबिक वे कोतवाली इलाके में सेशन कोर्ट रोड पर पहुंचे। तभी रास्ते में कार का टायर पंचर हो गया। इस पर दोनों कर्मचारी कार से नीचे उतर गए। वे दोनों पंचर टायर को देख रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और कार में रखे 57 लाख रुपए लेकर रफूचक्कर हो गए।