जेल में बंद एक व्यक्ति की जमानत के लिए रुपयों की जरुरत के चलते पिछले साल एक युवक की हत्याकांड में शामिल आरोपी को अलवर जिले की भिवाड़ी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी गांव सैदपुर, भिवाड़ी निवासी मुरारी है। हाल ही में सुपारी लेकर एक फार्मा कंपनी के मालिक पर जानलेवा हमले करने के मामले में मुरारी को गिरफ्तार किया था। तब पूछताछ में यातायात सलाहकार जितेंद्र सिंह के ब्लाइंड मर्डर का भी खुलासा हो गया।
भिवाड़ी उपाधीक्षक सिद्धांत शर्मा के मुताबिक मुरारी से पुलिस पूछताछ में सामने आया कि उसके साथी अनिल उर्फ़ कट्टन का भाई पिछले वर्ष अलवर के माहेश्वरी गांव में हुई हत्या के जुर्म में जेल में बंद था। उसकी जमानत के लिए रुपयों की जरुरत थी। इसलिए अनिल उर्फ़ कट्टन ने मुरारी और एक अन्य परिचित मोहित के साथ मिलकर रुपए लूटने की योजना बनाई। मुरारी पहले आरटीओ ऑफिस में बतौर यातायात सलाहकार काम करता था। वहीं, हत्या का शिकार जीतेंद्र भी यातायात सलाहकार था। वहीं देर रात तक काम करता था। इससे मुरारी को जितेंद्र के पास काफी रुपए होने का अंदेशा था।
साजिश के अनुसार योजना के तहत मुरारी और मोहित मृतक जितेंद्र की दुकान पर रुपए लूटने पहुंचे। जहां छीना—झपटी के दौरान मोहित ने गोली चलाकर जितेंद्र की हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद ही किसी अन्य नंबर से पुलिस कंट्रोल रूम को हत्या की सूचना दी। तब से पुलिस ब्लाइंड मर्डर हत्याकांड में आरोपियों की तलाश कर रही थी। मुरारी की गिरफ्तारी के बाद भिवाड़ी पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा किया। अब उसके अन्य साथी आरोपियों की तलाश है। बताया जा रहा है कि मुरारी के खिलाफ कई थानों में मुकदमे दर्ज है।