युवती से दुष्कर्म के आरोप में देर रात गिरफ्तार हुए निलंबित सीनियर आईएएस बीबी मोहंती को पुलिस ने आज कोर्ट में पेश किया। जहां कोर्ट ने उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
गौरतलब है कि बीबी मोहंती पिछले करीब चार साल से फरार थे। उन्होंने अचानक देर रात को सोढाला एसीपी के कार्यालय में सरेंडर कर दिया। संभवत: प्रदेश में यह ऐसा पहला मामला था जब किसी सीनियर आईएएस पर पद पर रहते हुए दुष्कर्म के आरोप लगे है।
मोहंती के फरार रहने पर पुलिस ने उन पर पांच हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था।जानकारी के अनुसार जनवरी 2014 में एक 23 वर्षीय युवती ने जयपुर के महेश नगर थाने में सीनियर आईएएस बीबी मोहंती के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था।
युवती के अनुसार मोहंती ने जनवरी 2013 में पहली बार जयपुर में ही एक फ्लैट में उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसके बाद अन्य शहरों के करीब आधा दर्जन होटलों में ले जाकर भी दुष्कर्म किया। पीड़िता ने करीब एक साल बाद दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया था।