भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने आज एक ही दिन में बड़ी कार्रवाई कर दो पटवारियों और एक जेईएन को रिश्वत लेते रंगे हाथों धरदबोचा। एसीबी की तीसरी कार्रवाई में पटवारी को एक हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
उदयपुर एसीबी में डिप्टी एसपी राजीव जोशी ने बताया कि गांव कमालपुरा, जिला करौली निवासी पिंटू मीणा है। वह चित्तौड़गढ़ जिले में बड़ी सादड़ी तहसील स्थित मूंजवा में पटवारी है। इसके अलावा पटवार मंडल जयसिंहपुरा एवं केवलपुरा तहसील बड़ी सादड़ी में पिंटू के पास पटवारी का अतिरिक्त कार्यभार है।
डीएसपी ने बताया कि गांव जयसिंहपुरा, तहसील बड़ी सादड़ी, चित्तौड़गढ़ निवासी हीरालाल मीणा ने एसीबी में शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसमें बताया कि नामांतरण खोलने की एवज में पटवारी पिंटू मीणा ने रिश्वत की मांग कर रहा है। वह पांच हजार रुपए की रिश्वत ले चुका है। अब और एक हजार रुपए रिश्वत और मांग रहा है।
इस पर एसीबी के इंस्पेक्टर दिलीप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने शिकायत का सत्यापन किया। इसके बाद बुधवार को परिवादी हीरालाल मीणा को रिश्वत की रकम एक हजार रुपए लेकर पटवार आॅफिस में पिंटू मीणा के पास भेजा। जहां रिश्वत लेते ही एसीबी ने पटवारी पिंटू को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।