मानवीय संवेदना को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है। जिसमें आधी रात को तेज रफ्तार कार का कहर टूटा और राह चलती महिला कार की चपेट में आ गई। हादसे में मौत का शिकार हुई महिला का शव काफी देर तक सड़क के बीच पड़ा रहा और शव को कुत्ता सूंघता रहा।
आखिरकार सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को उठवाकर मोर्चरी पहुंचाया। दुर्घटना अनुसंधान ईकाई दक्षिण मुकदमा दर्ज कर आरोपी कार चालक की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक हादसे की शिकार 28 वर्षीया पांचू देवी जालौर जिले में सांचौर की रहने वाली थी।
वह अपने पति हरिचंद जोगी व अन्य परिवार के साथ जयपुर में अजमेर रोड पर सुशीलपुरा पुलिया के नजदीक सड़क किनारे रावण के पुतले बनाने का काम करती थी। वहीं खानाबदोश रहते थे। देर रात करीब 12 बजे बौंछारें आने पर पांचू देवी कागज व पुतलों के भीगने के डर से जाग गई और फिर सड़क पार कर उन्हें ढकने जा रही थी।
आवारा कुत्ता शव को सूंघता रहा, राहगीर गुजरते चले गए
सड़क दुर्घटना
- फोटो : Demo pic
सड़क पार कर रही थी तभी तेज रफ्तार लक्जरी कार ने पांचू देवी को टक्कर मारी और उसे करीब 800 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। इससे पांचू देवी का शव क्षत-विक्षत हो गया और उसकी मौके पर मौत हो गई। वहीं, कार का ड्राइवर गाड़ी भगाकर ले गया। इसके बाद पांचू देवी का शव वहीं पड़ा रहा।
तब तक पांचू के परिजन और आसपास फुटपाथ पर मौजूद लोगों की नींद खुल गई। इस बीच आवारा कुत्ता शव को सूंघता रहा। राहगीर गुजरते चले गए। काफी देर बाद मोहल्लेवासी इकट्ठा हुए और शव पर लाकर कपड़ा डाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। तब मौके पर पहुंची दुर्घटना थाना पुलिस ने शव को मोर्चरी पहुंचवाया। दुर्घटना कर भागी कार की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है।