जगतपुरा के एकता नगर में दो दिन पहले एक युवती से दुष्कर्म करने में नाकाम रहे युवक ने उस पर ब्लेड से हमला कर दिया। वारदात के बाद पीड़िता की बुधवार को प्रताप नगर थाने में दुष्कर्म का प्रयास और हमले की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरु की और शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी कुंवर राष्ट्रदीप ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राजेश बैरवा दौसा जिले में लालसोट का रहने वाला है। यहां जगतपुरा में रहकर मकानों में कलर करने का काम करता है। 12 अप्रैल को दोपहर करीब 3 बजे आरोपी राजेश जगतपुरा में एकता नगर स्थित पीड़िता युवती के घर में घुस गया। जहां उसे अकेला पाकर दुष्कर्म करने की कोशिश की। लेकिन युवती ने हिम्मत दिखाई और शोर मचा दिया।
तब दुष्कर्म में नाकाम राजेश ने युवती के हाथों पर ब्लेड से वारकर उसे जख्मी कर दिया। इसके बाद कमरा बंद कर वहां से भाग निकला। वारदात के बाद पीड़िता ने प्रताप नगर थाने पहुंचकर केस दर्ज करवाया। इसकी जांच एएसआई मनोहरलाल को सौंपी गई। जिन्होंने आरोपी राजेश को शुक्रवार को जगतपुरा से दबोच लिया। उसकी हाथ की अंगुलियों में भी ब्लेड से कट के निशान मिले है।