नागौर जिले में बृहस्पतिवार को बोलेरो में सवार अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने सीकर के एक व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी और उनके बैग में रखे डेढ़ लाख रुपए लूटकर भाग निकले। इस हमले में व्यापारी का बेटा भी घायल हो गया जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह वारदात सीकर-नागौर मेगा हाइवे पर चितावा क्षेत्र के करकेड़ी गांव के पास हुई। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद पुलिस से बचने के लिए भागते वक्त बदमाशों की बोलेरो अनियंत्रित होकर पलटी खा गई, लेकिन बदमाश गाड़ी को वहीं छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच बदमाशों में से तीन को पकड़ लिया जबकि दो बदमाश भाग निकले।
पुलिस के मुताबिक हमले का शिकार हुए मोहम्मद मजीद खान सीकर में लोसल के रहने वाले थे और वह अपने दो बेटों के साथ पिकअप गाड़ी में व्यवसाय के सिलसिले में नागौर आ रहे थे तभी मेगा हाइवे पर करकेड़ी गांव के पास में बोलेरो सवार बदमाशों ने मजीद की गाड़ी का पीछा किया।
गाड़ी आगे लगाकर उसकी गाड़ी को रुकवा लिया और पिकअप पर लाठियों से हमला कर शीशे फोड़ दिए। इसके बाद मजीद से उनके रुपए लूटने का प्रयास किया। मजीद के विरोध करने पर किसी एक हमलावर ने उसकी कनपटी पर गोली मार दी। जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। इसके बाद बदमाश उसके डेढ़ लाख रुपए लेकर भाग निकले।
बताया जा रहा है कि वारदात के वक्त एक वाहन चालक मजीद के गाड़ी के पीछे आ रहा था। जिसने वारदात देखकर पुलिस को सूचना दे दी। तब पुलिस मौके पर पहुंची तो बोलेरो को पकड़ने के लिए नाकाबंदी करवा दी और पुलिस की एक टीम ने बदमाशों का पीछा करना शुरु कर दिया। तब बदमाशों की बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ही एक खाई की ओर गिरकर पलटी खा गई। बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने मामले में पड़ताल शुरु कर दी है।