चार साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का आरोपी छह दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी, लेकिन आरोपी घटना के बाद से ही फरार चल रहा था।
लक्सर क्षेत्र के एक गांव में आठ जून को एक चार साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया था। कोतवाली पुलिस ने बच्ची के पिता की ओर से मिली तहरीर के आधार पर गांव के ही अधेड़ उम्र के गुफरान के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया था, हालांकि मेडिकल रिपोर्ट में बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई थी। बच्ची ने कोर्ट में दिए गए बयानों में आरोपी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था, जिसके बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
आरोपी घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। मंगलवार रात को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गुफरान अपने घर पर ही है, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने गांव में पहुंचकर छापेमार कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ लिया। एसएसआई राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया जा रहा है।