गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट
कथित गौ तस्कर पहलू खान मामले में नामजद 6 आरोपियों को क्लीन चिट दिए जाने के बाद अब सरकार और विपक्ष के नेताओं द्वारा बयानबाजी का दौर शुरू हो गया।
एक तरफ राजस्थान के गृह मंत्री का कहना है कि आरोपियों को पूरी जांच के बाद ही क्लीन चिट दी गई है, तो वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सचिन पायलट ने इसे सरकार और पुलिस की मिलीभगत कहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भी राजस्थान सरकार पर आरोप लगाते हुए कांग्रेस की ओर से कई सवाल उठाए हैं।
गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने कहा है कि सीआईडीसीबी द्वारा जिन 6 लोगों को क्लीन चिट दी गई है, वो दरअसल मौके पर थे ही नहीं। कटारिया ने कहा कि जिन्हें आरोपी बनाया गया है उनकी मोबाइल लोकेशन भी घटनास्थल पर नहीं आई, जबकि वो तो घटनास्थल से 4-5 किलोमीटर पहले स्थित गौशाला में गोवंश लेकर जा रहे थे।
कटारिया ने कहा है कि सरकार निर्दोष लोगों को बिना किसी आधार पर कैसे आरोपी बना दे जबकि पहलू खान तो इन लोगों को जानता तक नहीं था।
गौरतलब है कि अलवर जिले में गत 3 अप्रैल को कथित गोरक्षकों द्वारा कथित गौतस्कर पहलू खान को पीटा था, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। पहलू खान के बयान के आधार पर बहरोड पुलिस द्वारा विभिन्न हिंदू संगठनों से संबध रखने वाले 6 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई थी।