राजस्थान में भाजपा सरकार चुनावी मोड पर आ गई है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे तीन दिन से अपना जिला अपनी सरकार कार्यक्रम के तहत करौली में डेरा जमाए हुए है। वहां 45 डिग्री तापमान में भी राजे गली—गली घूम रहीं है।
मुख्यमंत्री राजे ने अपने तयशुदा कार्यक्रमों को छोड़कर यहां कई महकमों का औचक निरीक्षण किया और वहां खामियां देखकर खासी नाराज हुई। अव्यवस्थाओं से भड़की सीएम ने कई विभागों के मंत्रियों को करौली बुला लिया और वहां उनकी क्लास ली।
शुक्रवार को सरकारी स्कूलों के निरीक्षण में दिखी अव्यवस्था से नाराज मुख्यमंत्री ने राज्य के स्कूली शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी को करौली तलब किया और उनसे शनिवार शाम तक जिले के स्कूलों की स्थिति की रिपोर्ट भी मांगी है। इसके बाद देवनानी ने वहां कई स्कूलों का दौरा किया।
राज्य की महिला व बाल विकास मंत्री अनीता भदेल व जिले के प्रभारी व श्रम मंत्री जसवंत यादव भी करौली पहुंच गए है। राजे औचक निरीक्षण के दौरान टैंकर माफिया व सरकारी अस्पताल में अव्यवस्था से खासी खफा दिखी। उन्होंने मौके पर जिला कलक्टर मनोज शर्मा व अन्य अधिकारियों को लताड़ भी लगाई। मुख्यमंत्री राजे को बिना एस्कोर्ट के 45 डिग्री तापमान में गलियों में घूमते देख स्थानीय लोग भी आश्चर्यचकित दिखे।
दूसरी तरफ जानकारों का कहना है कि राजे यहां पार्टी का बर्चस्व बढ़ाने के लिए ये सारी कवायद कर रही है। करौली जिले में चार विधानसभा सीटों में तीन पर कांग्रेस काबिज है। अगले साल राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए तय मिशन—180 से इस दौरे को जोड़ कर देखा जा रहा है।