मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अमित शाह के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि यह बेहद आश्चर्य की बात है कि जोधपुर में अमित शाह ने जो बयान दिए हैं, वो तथ्यात्मक रूप से गलत हैं। देश की जनता गृहमंत्री के तौर पर उनके भाषण में तथ्यात्मक बातें होने की उम्मीद करती है। इस भाषण में ऐसा प्रतीत होता है कि उन्हें तथ्य बताए ही नहीं गए। इसी कारण उन्होंने झूठ से परिपूर्ण भाषण दिया।
सीएम ने आगे कहा कि पिछली सरकार ने किसानों को 1000 रुपये सब्सिडी दी। पूर्ववर्ती सरकार ने आचार संहिता लगने के एक दिन पहले घोषणा की थी कि किसानों को 833 रुपये प्रति महीने की सब्सिडी दी जाएगी पर इसका कोई वित्तीय प्रावधान नहीं था। ये केवल हवाई घोषणा थी। हमारी सरकार ने मुख्यमंत्री किसान मित्र ऊर्जा योजना शुरू कर किसानों को 1000 रुपये प्रति वर्ष सब्सिडी दी है। जिससे करीब 8 लाख किसानों का बिजली बिल शून्य हो गया है। हमारी पार्टी ने किसान कर्जमाफी का वादा सरकार में आने के तीसरे दिन ही पूरा कर सहकारी बैंकों से करीब 21 लाख किसानों की 8000 करोड़ रुपये की कर्जमाफी की।
आरोपी रियाज के भाजपा से हैं संबंध
उदयपुर हत्याकांड को लेकर अमित शाह ने गहलोत सरकार को घेरा था। इसपर सीएम ने कहा कि अमित शाह ने उदयपुर की घटना का जिक्र किया। जबकि कन्हैयालाल की हत्या के अगले दिन भाजपा के नेता हैदराबाद के फाइव स्टार होटल में लंच और डिनर करते हुए बैठक कर रहे थे। मैं अपने नेताओं के साथ पीड़ित से मिलने गया था। वहीं उदयपुर घटना के मुख्य आरोपी रियाज अत्तारी भाजपा का सक्रिय सदस्य था। भाजपा नेताओं ने पुलिस पर उसे छोड़ने का दबाव भी बनाया था। इस मामले की एनआईए से जांच करवानी चाहिए।
हमसे ज्यादा दूसरे राज्यों में क्राइम
क्राइम को लेकर सवाल उठने पर गहलोत ने कहा कि राजस्थान में FIR के अनिवार्य पंजीकरण की नीति के बावजूद 2021 में 2019 की तुलना में करीब 5 फीसदी अपराध कम दर्ज हुए हैं, जबकि मध्यप्रदेश, हरियाणा, गुजरात, उत्तराखंड समेत 17 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में अपराध अधिक दर्ज हुए हैं। सीएम गहलोत ने कहा कि अमित शाह ने राजस्थान में सबसे महंगा डीजल और पेट्रोल होने की बात कही। लगता है कि वो भूल गए कि जयपुर से महंगा डीजल-पेट्रोल तो भाजपा शासित मध्य प्रदेश के भोपाल में मिलता है। राजस्थान में प्रदेश सरकार ने जनवरी 2021 में वैट कम किया।