मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इमरजेंसी कोविड रेस्पॉन्स पैकेज (ईसीआरपी) के द्वितीय चरण के अंतर्गत प्रदेश के छह चिकित्सा महाविद्यालयों-अस्पतालों में स्वीकृत 390 आईसीयू बैड्स के संचालन के लिए नर्सिंग स्टाफ-वार्ड अटेंडेंट के 619 नए पदों के सृजन को मंजूरी दी है। साथ ही झुझुनूं, सवाई माधोपुर और टोंक जिले के चिकित्सा महाविद्यालयों के लिए संपर्क सड़क निर्माण व मरम्मत कार्य के लिए 10.07 करोड़ रुपये के वित्तीय प्रस्ताव को स्वीकृति दी है।
गहलोत सरकार प्रदेश में एक सुदृढ़ सड़क तंत्र विकसित करने की दिशा में प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा प्रदेश के झुझुनूं, सवाई माधोपुर और टोंक जिले के चिकित्सा महाविद्यालयों के लिए संपर्क सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य के लिए 10.07 करोड़ रुपये के वित्तीय प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है।
गहलोत की इस मंजूरी से झुझुनूं से चिकित्सा महाविद्यालय समसपुर तक लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से दो लेन सड़क का निर्माण तथा टोंक जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 12 से युसुफपुरा, चराई टोंक तक 3.98 करोड़ रुपये की लागत से संपर्क सड़क का निर्माण हो सकेगा। इसके अलावा सवाई माधोपुर जिले के राज्य राजमार्ग संख्या 122 से चिकित्सा महाविद्यालय, सवाई माधोपुर तक की सीसी रोड को 1.08 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ा एवं सुदृढ़ किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि चिकित्सा महाविद्यालयों तक नवीन सड़कों के निर्माण और पुरानी सड़कों के मरम्मत कार्य होने से आमजन एवं विद्यार्थियों का महाविद्यालयों में आवागमन आसान हो सकेगा।