राजस्थान छात्रसंघ चुनाव जीतने के लिए प्रत्याशी हर हथकंडे अपना रहे हैं। इसमें छात्रावास में डीजे पार्टी करने से लेकर ऑनलाइन चंदा वसूलना तक शामिल है। सबकुछ हाईटेक और डिजिटल बनाकर वोटरों को लुभाने की कोशिश है। अब राजस्थान यूनिवर्सिटी की चुनाव में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की भी एंट्री हो गई है।
पल-पल अपडेट हो रही छात्र नेता की जानकारी
दूसरी ओर छात्रसंघ चुनाव डिजिटल हो गया है। सिर्फ ऑनलाइन वोट ही नहीं मांगे जा रहे बल्कि चुनावी मैदान की लड़ाई डिजिटली जीतने की कोशिश है। कई प्रत्याशियों ने डिजिटल वॉर रूम बनाए हैं। वॉर रूम से उनकी टीम सोशल मीडिया पर पल-पल की जानकारी दे रही हैं। वहीं सोशल मीडिया पर भी वोट देने की अपील की जा रही है। छात्र नेता इंस्टाग्राम, वॉट्सऐप, फेसबुक हर माध्यम पर एक्टिव नजर आ रहे हैं। छात्र नेताओं की हर गतिविधि की रील्स और वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर डाले जा रहे हैं।
वॉर रूम तैयार
राजस्थान यूनिवर्सिटी में अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय चुनाव लड़ रहे निर्मल चौधरी ने भी वॉर रूम तैयार किया है। उनके कुछ दोस्त और समर्थक आईटी का काम करते हैं। वही लोग निर्मल का वॉर रूम संभाल रहे हैं। पांच-छह लोगों की टीम छात्र नेता की हर गतिविधि को सोशल मीडिया पर अपडेट कर रही है।