शिक्षा के मंदिर में छात्र हुक्का पी रहे थे। यही नहीं, हुक्का पीना शान की बात समझते हुए छात्र एक-दूसरे की मोबाइल से फोटो तक ले रहे थे। ये खेल काफी समय से चल रहा था। वो भी उस जगह जहां छात्रों की समस्याओं के समाधान का वादा करने वाले छात्रसंघ पदाधिकारी बैठते हैं। खबर फैली तो यूनिवर्सिटी प्रशासन से लेकर गवर्नर हाउस तक हरकत में आ गया।
राजस्थान यूनिवर्सिटी के छात्रसंघ पदाधिकारियों के कार्यालय में धूम्रपान की खबरों ने विवि परिसर से लेकर राज्यपाल भवन तक हड़कम्प मचा दिया। तस्वीरों के सामने आते ही एकबारगी जहां छात्रसंघ पदाधिकारियों से सफाई देते नहीं बना, वहीं विवि प्रशासन भी सकते में आ गया। दिन में छात्रसंघ पदाधिकारी एक दूसरे पर आरोप लगाते नजर आए।
दरअसल राजस्थान यूनिवर्सिटी के छात्रसंघ पदाधिकारियों का कार्यकाल दो माह पूर्व ही समाप्त हो चुका है, बावजूद इसके अब तक कार्यालयों में पदाधिकारियों का कब्जा है। पदाधिकारियों के अलावा कई दूसरे छात्र भी बैठकर धुम्रपान करते नजर आते हैं।