हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में प्रवेश के लिए नीट के प्राप्तांक के आधार पर मेरिट सूची जारी कर दी है। साथ ही काउंसलिंग का शेडयूल भी जारी किया है। काउंसलिंग की प्रक्रिया 18 जुलाई से शुरू होगी और 26 जुलाई तक चलेगी। 22 को विवि के स्थापना दिवस पर काउंसलिंग नहीं होगी।
मेरिट में रजत सिंह ने सर्वाधिक 636 अंक लेकर टॉप पर रहे हैं, जबकि तनिशा चौहान ने 630 अंक लेकर दूसरा और अमोल शर्मा ने नीट में 615 अंक लेकर एचपीयू रैंकिंग में तीसरा स्थान पाया है। इसी काउंसलिंग के आधार पर प्रदेश में चल रहे पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों की 500 सीटों और सोलन के एक निजी मेडिकल कॉलेज की 150 सीटों को भरा जाएगा।
चार निजी डेंटल कॉलेजों की 280 सीटें और एक सरकारी डेंटल कॉलेज की 60 सीटें भी भरी जानी हैं। विवि के परीक्षा नियंत्रक डा. जेएस नेगी ने बताया कि जारी की गई मेरिट सूची में आवेदन करने वाले 5215 छात्रों को शामिल किया गया है। रैंक के हिसाब से छात्रों को अलग-अलग तिथि को काउंसलिंग के लिए बुलाया जाएगा। मेरिट लिस्ट एचपीयू की वेबसाइट पर भी उपलब्ध करवाई गई है।