तीन परिणामों के बाद राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के परिणामों में छात्रों के लिए एक सुखद खबर सामने आई है। इस खबर से परिणामों में छात्राओं से पिछड़ रहे छात्रों की साख बच पाई है। इन परिणामों में छात्र सफलता प्रतिशत में छात्राओं पर भारी पड़े हैं। हांलाकि यह अंतर बहुत ज्यादा नहीं है, लेकिन इन परिणामों से छात्रों में खुशी की लहर है।
दरअसल, पिछले तीन परिणाम जो राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी किए गए हैं उनमें छात्राओं ने छात्रों की बनिस्पत ज्यादा सफलता हासिल की है। कला, वाणिज्य व विज्ञान के विषयों के परिणामों में छात्राओं ने अपना दम दिखाया था। दसवीं की इस बार हुई परीक्षा में 6 लाख 30 हजार 342 छात्र और 4 लाख 68 हजार 579 छात्राएं शामिल हुए थे। इनमें से लड़कों का सफलता प्रतिशत 79.01 फीसदी रहा तो वहीं छात्राओं का पासिंग पर्सेंटेंज 78.89 फीसदी रहा है। यह फीसदी 0.12 फीसदी ज्यादा रहा है।
इससे पहले बारहवीं बोर्ड कला के परीक्षा परिणामों में छात्राओं की सफलता का प्रतिशत 91 फीसदी से ज्यादा रहा, वहीं छात्रों का सफलता प्रतिशत उनसे पांच फीसदी तक कम रहा है। परीक्षा में बैठने वाली 91.35 फीसदी छात्राएं उत्तीर्ण हुई है, वहीं दूसरी तरफ परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों में 87.03 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं।
वाणिज्य विषय में छात्रों का परिणाम 88.56 रहा है तो वहीं छात्राओं का परिणाम 95.27 फीसदी रहा। वहीं विज्ञान में छात्राओं का परिणाम 93.30 प्रतिशत और छात्रों का परिणाम 89.21 प्रतिशत रहा।