भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के राजस्थान प्रवास की तैयारियां भाजपा ने शुरु कर दी है। अमित शाह 28 से 30 अगस्त तक राजस्थान प्रवास पर रहेंगें।
शाह का पहले मई—जून में आने का कार्यक्रम था, जिसे अब बदल दिया है। भाजपा सूत्रों के अनुसार अमित शाह इस प्रवास के दौरान संभाग स्तर पर संभाग एवं जिला पदाधिकारियों और मोर्चा पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। जयपुर, जोधपुर, भरतपुर और कोटा में पदाधिकारियों के साथ ये बैठकें हो सकती है।
जिला प्रभारी मंत्रियों और पदाधिकारियों को अपने—अपने जिले में अधिक से समय बिताने के निर्देश प्रदेशाध्ययक्ष अशोक परनामी ने दिए हैं। अमित शाह के दौरे से पहले सभी जिलों में भाजपा की बैठकें होगी जिसमें प्रभारी मंत्री और प्रदेश पदाधिकारी जिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेंगे। गौरतलब है कि आगामी वर्ष 2018 में राजस्थान में विधानसभा चुनाव हैं। इसी के मद्देनजर भाजपा पहले से सक्रिय हो गई है। अमित शाह के राजस्थान प्रवास को इन चुनावों के मद्देनजर अहम माना जा रहा है।