राजस्थान में बुधवार को केबिनेट की बैठक से पहले राज्यपाल कल्याण सिंह से मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मुलाकात की। इससे राजस्थान में मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चाएं गरमा गईं हैं।
जानकारी के अनुसार बुधवार को तीन बजे से केबिनेट की बैठक शुरू हुई। इससे ठीक पहले सीएम राजे राजभवन पहुंची और राज्यपाल से करीब 45 मिनट तक चर्चा की। अधिकारिक तौर पर इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट कहा जा रहा है लेकिन, दूसरी तरफ इस मुलाकात के कई मायने भी लगाए जा रहे है। इस मुलाकात को राजस्थान मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल से जोड़कर देखा जा रहा है। हाल में राजस्थान धौलपुर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी को मिली जीत और अगले साल प्रस्तावित राज्य में विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक एवं जातीय समीकरण बिठाने के लिए मंत्रिमंडल में कुछ और लोगों को जगह मिल सकती है।