दिल्ली के मुख्यमंत्री व आप के प्रमुख अरविंद केजरीवाल रविवार को जयपुर पहुंचे। उनके कार्यालय के अनुसार वे जयपुर के एक वेलनेस सेंटर में 10 दिन बिताएंगे। केजरीवाल विमान से रविवार दोपहर जयपुर एयरपोर्ट पर उतरे और वहां से सीधे शहर के गलताजी इलाके में स्थित विपश्यना साधना केंद्र पहुंचे।
रविवार सुबह मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, 'मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज 10 दिनी विपश्यना साधना के लिए रवाना हुए।' पार्टी सूत्रों ने बताया कि इस 10 दिनी जयपुर प्रवास के दौरान केजरीवाल न तो किसी राजनीतिक कार्यक्रम में भाग लेंगे और न ही आप के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से मिलेंगे।
गहलोत ने ट्वीट कर किया स्वागत
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केजरीवाल का स्वागत किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'मैं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का जयपुर में स्वागत करता हूं। मेरे स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने व स्वस्थ होने की शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। मुझे खुशी हुई कि आपने विपश्यना व स्वास्थ्य लाभ के लिए राजस्थान को चुना। मैं आपके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।'
यह पहला मौका नहीं है, जब केजरीवाल स्वास्थ्य लाभ के लिए विपश्यना केंद्र पहुंचे हैं। वे विपश्यना ध्यान के पुराने साधक हैं। इससे पहले भी वे धरमकोट, नागपुर व बंगलूरू में विपश्यना के कई सत्रों में शामिल हो चुके हैं।
2016 में केजरीवाल 10 दिनी साधना के लिए नागपुर गए थे। इसके अगले साल वे इगतपुरी गए थे। वे हिमाचल के धरमकोट में भी इस साधना के लिए जा चुके हैं।