वेबसाइट का उद्घाटन करती मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे
- फोटो : amar ujala
प्रदेश को हरा-भरा बनाने की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की अपील के बाद ऑल इंडिया लाइम मैन्यूफैक्चरर्स एसोसिएशन ने अपनी ओर से मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान में 11 लाख रुपए का सहयोग तथा एक लाख पौधे लगाने की घोषणा की। एसोसिएशन की ओर से 51 किलो की माला पहनाकर तथा अभिनंदन पत्र भेंटकर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया गया।
एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को मुख्यमंत्री राजे से मिलने पहुंचा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने लाइम उद्योग से जुड़े लाखों लघु उद्यमियों एवं उनके परिवारों की तकलीफ को समझते हुए प्रदेश के व्यापक हित में किफायती र्इंधन पेटकोक को राज्य में प्रतिबंधित नहीं करने का फैसला किया है। सरकार के इस निर्णय से राज्य में आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने इस उद्योग से जुड़े लोगों से अपील की कि वे प्रदेश को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने में आगे आएं।
इन लोगों ने मुख्यमंत्री से उनके राजकीय निवास पर मुलाकात की और किफायती र्इंधन पेटकोक के उपयोग को प्रतिबंधित नहीं करने के फैसले पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। ऑल इंडिया लाइम मैन्यूफैक्चरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष तथा राजस्थान स्मॉल इण्डस्ट्रीज कॉर्पोरेशन के चैयरमेन मेघराज लोहिया के नेतृत्व में आए सैकड़ों उद्यमियों ने कहा कि पेटकोक के उपयोग को राज्य में प्रतिबंधित नहीं करने से प्रदेश में लाइम इंडस्ट्री को जीवनदान मिला है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पर्यावरण विभाग द्वारा किए गए इस निर्णय से प्रदेश की हजारों लघु एवं मध्यम दर्जे की इकाइयों को राहत मिली है और इस उद्योग से गुजर-बसर करने वाले लाखों परिवारों की रोजी-रोटी पर आए संकट के बादल छंट गए हैं। पूरे देश में राजस्थान एकमात्र ऎसा राज्य है जिसने यह फैसला किया है।