अजमेर पुलिस की गिरफ्त में फर्जी पत्रकार तनुज गोयल
- फोटो : amar ujala
न्यूज चैनल का पत्रकार बताकर लोगों पर रौब झाड़ने वाले युवक को पुष्कर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से कई मीडिया संस्थानों के फर्जी कार्ड भी बरामद हुए हैं।
पुष्कर थानाधिकारी दुलीचंद ने बताया कि केसरगंज निवासी तनुज गोयल खुद को बड़े न्यूज चैनल का पत्रकार बताते हुए लोगों पर रौब झाड़ रहा था। इस पर स्थानीय लोगों ने संबंधित चैनल के संवाददाता को बुलाया तो वह उससे से उलझ पड़ा और उसे जान से मारने की धमकी दी।
चैनल के प्रतिनिधि की ओर से पुष्कर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने तनुज गोयल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा की गई प्राथमिक जांच में सबसे पहले तो सामने यह आया कि गोयल का किसी मीडिया संस्थान से कोई वास्ता नहीं है और उसने अपने नाम पर बहुत सारे मीडिया संस्थानों के फर्जी कार्ड बनवा रखे थे औैर वो लोगों पर सरेआम पत्रकार बनकर रौब झाड़ता था।
सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात सामने आई है वो ये कि फर्जी पत्रकार के जिला कलेक्टर गौरव गोयल से लेकर कई बड़े अधिकारियों से दोस्ती बना रखी थी। पुलिस तनुज से उसके संबंधों के बारे में अभी और पड़ताल करेगी जिसमें कुछ चौंकाने वाले खुलासे भी हो सकते हैं।