धरती के भगवान माने जाने वाले डॉक्टरों ने सामूहिक इस्तीफा सौंपते हुए सरकार को मुश्किल में डाल दिया है। अपनी 33 सूत्रीय मांगों को लेकर करीब 3 महीने से आंदोलन कर रहे राजस्थान के सेवारत चिकित्सकों ने जयपुर में सरकार से वार्ता विफल होने के बाद सामूहिक इस्तीफा सौंपकर अपने आंदोलन को और तेज कर दिया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को सरकार से वार्ता विफल होने के बाद करीब 8911 सेवारत चिकित्सकों ने सामूहिक इस्तीफा सौंपा जिसके बाद सरकार ने मेडिकल स्टूडेंट्स से व्यवस्थाएं संभालने की अपील की है। राजस्थान सेवारत चिकित्सक संघ के प्रदेशाध्यक्ष डॉक्टर अजय चौधरी ने बताया कि संगठन के पास इन डॉक्टर्स के इस्तीफे पहले से ही पहुंच चुके थे और सरकार से वार्ता विफल हो जाने के बाद ये तय था कि सरकार को इस्तीफे सौंप दिए जाएंगे।