जानकी देवी मेमोरियल कॉलेज में योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम का दृश्य
- फोटो : AMAR UJALA
दिल्ली के जानकी देवी मेमोरियल कॉलेज में भी मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध योग गुरू डॉ. प्रदीप योगी ने छात्रों और शिक्षकों को योग साधना का महत्त्व बताया। उन्होंने बताया कि योग को ज्यादातर लोग शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम समझते हैं, लेकिन योग का महत्त्व इससे कहीं ज्यादा है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का शरीर तभी स्वस्थ रह सकता है जब वह भावनात्मक और मानसिक तौर पर भी स्वस्थ हो। योग यही कार्य करता है। वह व्यक्ति को भावनात्मक और मानसिक तौर पर भी स्वस्थ बनाता है। योग के कारण व्यक्ति में सकारात्मक ऊर्जा और विचार उत्पन्न होता है जिससे वह देश-समाज के लिए भी ज्यादा उपयोगी और प्रभावी साबित होता है।
डॉ. प्रदीप योगी ने कहा कि आज पूरी दुनिया में सबसे बड़ी समस्या जीवन शैली को लेकर है। कामकाज के तनाव के कारण लोगों की पूरी दिनचर्या गड़बड़ हो गई है और स्वस्थ आहार न मिलने के कारण लोगों में अनेक प्रकार की समस्याएं पैदा हो रही हैं। योग इन सभी समस्याओँ का इलाज हो सकता है। लोगों को अपने दैनिक जीवन में योग को एक हिस्सा बनाना चाहिए।
जानकी देवी मेमोरियल कॉलेज की प्रो. डॉ. मनीषा अग्निहोत्री ने कहा कि आज तनाव लोगों के जीवन का एक हिस्सा हो गया है। लोग पारिवारिक-सामाजिक या आर्थिक समस्याओं के कारण दिनरात तनाव में जी रहे हैं। योग लोगों के तनाव को कम कर उनकी कार्यक्षमता सुधारने में मदद कर सकता है, इसलिए लोगों को योग को अपने जीवन का हिस्सा बना लेना चाहिए।