गुजरात में XE स्ट्रेन का पहला केस मिला है। मुंबई का एक व्यक्ति वडोदरा में एक्सई पॉजिटिव पाया गया है। इससे पहले मुंबई में एक व्यक्ति इस नए स्ट्रेन से संक्रमित मिलने का दावा किया गया था। हालांकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इससे इनकार किया था। उसकी जीनोम सीक्वेंसिंग कराई जा रही है। रिपोर्ट में पुष्टि होने पर देश में दो एक्सई स्ट्रेन संक्रमित हो जाएंगे।
वडोदरा के स्वास्थ्य अधिकारी ने एक व्यक्ति के एक्सई से संक्रमित होने की सूचना दी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों ने शनिवार को कहा कि गुजरात में मिले कोविड-19 के एक्सई स्वरूप के नमूने का जीनोम विश्लेषण किया जा रहा है। जीनोम अनुक्रमण के नतीजे जल्द आने की उम्मीद है।
उधर, एक्सई वैरिएंट को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने पहले ही चेतावनी जारी कर दी है। उसने सबसे पहले ब्रिटेन में पाए गए ओमिक्रॉन के इस नए स्वरूप के खिलाफ चेतावनी जारी करते हुए कहा कि यह अभी तक कोविड-19 के किसी भी स्वरूप के मुकाबले अधिक संक्रामक हो सकता है। यह बीए.1 व बीए.2 का मिलाजुला रूप होने से ज्यादा संक्रामक है।
इस सप्ताह के आरंभ में खबर आई थी कि दक्षिण अफ्रीका से मुंबई पहुंची एक महिला फैशन डिजाइनर में एक्सई स्ट्रेन मिला है। हालांकि बीएमसी की इस रिपोर्ट का केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने तत्काल खंडन किया था। साथ ही संक्रमित महिला के सैंपल की इंसाकॉग के जरिए गुजरात की लैब में जीनोम सीक्वेंसिंग कराने का निर्देश दिया था। जीनोम सीक्वेंसिंंग की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। इंसाकॉग के विशेषज्ञों का कहना है कि मुंबई के मरीज के सैंपल के अनुक्रमण की तस्वीरें एक्सई स्ट्रेन की तस्वीरों से मेल नहीं खाती हैं। इस बीच, गुजरात में एक्सई का एक और संक्रमित मिलने की खबर है।
इसी बीच भारतीय वायरोलॉजिस्ट ने कहा है कि एक्सई स्ट्रेन कितना ताकतवर है और क्या यह देश में एक और लहर ला सकता है? यह कहना अभी मुश्किल है। हालांकि उन्होंने एहतियाती उपाय जारी रखने का आग्रह किया है। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि ओमिक्रॉन के सब स्ट्रेन देश के विभिन्न हिस्सों में मिल रहे हैं, लेकिन इनके कारण संक्रमण बढ़ने के अभी कोई संकेत नहीं मिले हैं।