मौसम का असर
- हिमाचल में एक सप्ताह में 345 सड़कें बाधित, सैकड़ों गांव अंधेरे में
- बर्फ से लदे इलाकों में अभी भी 200 से अधिक बिजली ट्रांसफार्मर बंद
- जम्मू-श्रीनगर हाईवे दूसरे दिन भी बंद, 3 हजार से अधिक वाहन फंसे
- 16 जनवरी तक प्रदेश भर में मौसम साफ रहने के आसार
हिमाचल : कुफरी में बर्फ में फंसे 6 पर्यटक किए रेस्क्यू
राजधानी के पर्यटन स्थल कुफरी में बर्फ में फंसे छह पर्यटकों को पुलिस ने सुरक्षित रेस्क्यू किया है। पश्चिम बंगाल के पर्यटक कुफरी घूमने आए थे। बुधवार देर शाम चीनी बंगला के पास जंगल में रास्ता भूल गए और बर्फ में फंस गए। इस दौरान पर्यटकों ने पुलिस से संपर्क किया।
पर्यटकों के बर्फ में फंसे होने की सूचना मिलते ही ढली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सभी लोगों को रेस्क्यू कर उनके वाहनों तक पहुंचाया। इस बीच एक महिला पर्यटक की तबीयत बिगड़ गई थी जिसे अस्पताल ले जाकर उपचार दिया गया। अब महिला की हालत ठीक है। एसपी डॉ. मोनिका ने बताया कि सभी पर्यटक सुरक्षित हैं।
हिमाचल में अटल टनल से मनाली-केलांग मार्ग बहाल, 251 सड़कें अभी भी बंद
हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी के बाद भले ही दुश्वारियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं लेकिन अटल टनल रोहतांग से होकर मनाली-केलांग नेशनल हाईवे आम लोगों के बृहस्पतिवार सुबह से खुल गया है। लेकिन प्रदेश में अभी भी 251 सड़कों पर यातायात बाधित हैं। कुल्लू, किन्नौर, लाहौल स्पीति और चंबा में बर्फबारी से लोगों की परेशानियां कम नहीं हुई हैं। प्रदेश में 103 रूटों पर बसों की आवाजाही बंद है। हालांकि, शिमला से चौपाल और नेरवा के लिए बस सेवा शुरू कर दी गई है।
हिमाचल में एक सप्ताह से 190 ट्रांसफार्मरों के बंद रहने और 82 पेयजल स्कीम चालू न होने से बर्फीले क्षेत्रों में लोगों को बिजली और पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 15 जनवरी तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। 16 और 17 जनवरी को बारिश-बर्फबारी की संभावना है। केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 13.0, कुफरी में माइनस 2.0, मनाली में माइनस 1.0 व शिमला में 2.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मुश्किलें बरकरार, नहीं खुल पाया जम्मू-श्रीनगर हाईवे
मौसम साफ रहने के बावजूद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मार जारी है। रामबन के मेहाड़ हिस्से में भूस्खलन के साथ आए मलबे को साफ करके बृहस्पतिवार सुबह रास्ते में फंसे वाहनों को घाटी की ओर भेजा गया, लेकिन बाद में दोबारा पस्सियां गिरने से राजमार्ग पर एहतियाती तौर पर यातायात को बंद कर दिया गया। पिछले दिनों हुई बर्फबारी के बाद कश्मीर घाटी शीत लहर की चपेट में है। गुलमर्ग में माइनस 11.0, पहलगाम में माइनस 9.4 व श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 2.7 डिग्री रहा। वहीं लेह में माइनस 15.5 व कारगिल में माइनस 16.9 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा।
उत्तराखंड में ऊंचाई पर बर्फबारी से बढ़ी ठंड
उच्च हिमालयी क्षेत्रों के विभिन्न हिस्सों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में पाले के गिरने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। सीमांत जिले पिथौरागढ़ में मौसम के साफ रहने के बाद बर्फबारी के चलते बंद हुई सोसा-सिर्खा सड़क से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। उधर, बागेश्वर जिले कपकोट की पिंडर घाटी में चार दिन बाद भी बर्फ नहीं पिघली है। कर्मी के विनायक से धूर के बीच काफी मात्रा में बर्फ जमा है। जहां सैलानी बर्फ का लुत्फ उठाने पहुंच रहे हैं। नैनीताल में धूप खिलने से लोगों के लिए जहां राहत वहीं तराई में कोहरे की वजह से वाहन चालकों को काफी दिक्कत हो रही है।