लॉन्चिंग के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इससे वाजपेयी जी का सपना पूरा हुआ। पानी का विषय अटल जी के करीब था। पानी का संकट सबके लिए चिंता का विषय है। न्यू इंडिया को हमें जल संकट की हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार करना है। इसके लिए हम पांच स्तर पर एक साथ काम कर रहे हैं।
अटल जी के लिए बहुत महत्वपूर्ण था पानी का विषय
पीएम मोदी ने कहा कि पानी का विषय अटल जी के लिए बहुत महत्वपूर्ण था, उनके हृदय के बहुत करीब था। अटल जल योजना हो या फिर जल जीवन मिशन से जुड़ी गाइडलाइंस, ये 2024 तक देश के हर घर तक जल पहुंचाने के संकल्प को सिद्ध करने में एक बड़ा कदम हैं।
रोहतांग टनल अब अटल टनल के नाम से जानी जाएगी
पीएम मोदी ने कहा कि आज देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण एक बड़ी परियोजना का नाम अटल जी को समर्पित किया गया है। हिमाचल प्रदेश को लद्दाख और जम्मू-कश्मीर से जोड़ने वाली, मनाली को लेह से जोड़ने वाली रोहतांग टनल अब अटल टनल के नाम से जानी जाएगी।