प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पश्चिम बंगाल में शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच के सिलसिले में शुक्रवार सुबह कोलकाता और उसके आसपास इलाकों में कई स्थानों पर छापेमारी की। बताया गया कि कि ईडी की पांच सदस्यीय टीम कोलकाता के पास न्यू टाउन के पथरघाटा मजार शरीफ इलाके में एक पूर्व पैरा-शिक्षक के आवास पर तलाशी ले रही है। उन्हें कथित तौर पर पूर्व राज्य शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी का करीबी बताया गया। पार्थ इसी मामले में जेल में हैं।
अधिकारियों ने बताया कि शहर के उत्तरी हिस्से में नागेरबाजार इलाके में एक अकाउंटेंट के घर पर भी तलाशी चल रही है। ईडी ने राजारहाट इलाके में कथित तौर पर घोटाले में शामिल कुछ व्यवसायियों, शिक्षकों और बिचौलियों के आवासों पर भी तलाशी ली। छापेमारी करोड़ों रुपये के घोटाले में धन के लेनदेन का पता लगाने के लिए ईडी की जांच का हिस्सा है।
शाहजहां शेख के आवास पर पहुंची फॉरेंसिक टीम
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) केंद्रीय बल फॉरेंसिक टीम के साथ निलंबित टीएमसी नेता शाहजहां शेख के आवास पर पहुंचे।
सीबीआई पहुंची संदेशखाली
तृणमूल कांग्रेस के निलंबित नेता शाहजहां शेख को हिरासत में लेने के एक दिन बाद केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के दल ने गुरुवार को संदेशखाली में स्थित उसके घर और कार्यालय का दौरा किया। दोनों परिसरों में ताला लगा मिलने के बाद टीम ने बाहर से वहां की तस्वीरें लीं और चली गई। बाद में टीम ने शेख शाहजहां बाजार का दौरा किया, जहां उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की। सीबीआई अधिकारियों के साथ केंद्रीय बलों का दस्ता था।