द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) सांसद ए राजा भारत और सनातन को लेकर दिए गए अपने बयान के कारण विवादों में फंस गए हैं। राजा द्वारा भगवान राम पर की गई कथित विवादित टिप्पणी का मामला बढ़ता जा रहा है। अब ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक) के नेता और पूर्व मंत्री सेल्लूर के राजू ने उनपर तीखा हमला किया है। उन्होंने राजा को सबसे खराब राजनेता बताया और उन पर जानबूझकर विवादास्पद टिप्पणी करने का आरोप लगाया।
पूर्व मंत्रियों के बारे में करते हैं बुरी तरह से बात
अन्नाद्रमुक के नेता सेल्लूर के राजू ने गुरुवार को कहा, 'राजा हमेशा ही विवादित बयान देते हैं। वह सबसे खराब राजनेता हैं। हम 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले से निराश थे। वह तमिलनाडु के पूर्व मंत्रियों और जे जयललिता जैसे दिवंगत नेताओं के बारे में बुरी तरह से बात करते हैं। इसलिए एक व्यक्ति के तौर पर उनका सम्मान न करें।'
मोदी लोगों को धोखा देना चाहते हैं
राजू ने भाजपा को भी आड़े हाथ लिया और कहा कि तमिलनाडु भाजपा को कभी स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने आगे कहा कि मोदी ने वाजपेयी और आडवाणी के भाजपा नेताओं के शासन के बारे में शेखी नहीं बघारी। जयललिता के बारे में डींग हांककर मोदी उन लोगों को धोखा देना चाहते हैं जो अन्नाद्रमुक को वोट दे सकते हैं। ऐसा नहीं होगा। तमिलनाडु के लोग भाजपा को कभी स्वीकार नहीं करेंगे।
ए राजा का विवादित बयान
हाल ही में, पूर्व केंद्रीय मंत्री ए राजा ने भारत को एक राष्ट्र नहीं बल्कि उपमहाद्वीप बताया था। इसी के साथ उन्होंने कहा था कि उन्हें रामायण और महाभारत पर भरोसा नहीं है। ए. राजा ने अपने विवादित बयान में कहा था, 'भारत कभी एक राष्ट्र था ही नहीं। एक राष्ट्र का अर्थ है एक भाषा, एक परंपरा और एक संस्कृति, तभी यह एक राष्ट्र होता है। भारत एक राष्ट्र नहीं, बल्कि एक उपमहाद्वीप है।'
उन्होंने आगे कहा था, 'यहां तमिल एक राष्ट्र और एक देश है। मलयालम एक भाषा, एक राष्ट्र और एक देश है। उड़िया एक राष्ट्र, एक भाषा और एक देश है। ये सभी राष्ट्र मिलकर भारत बनाते हैं तो भारत देश नहीं है, बल्कि एक उपमहाद्वीप है।'
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा था कि भारत में बहुत सारी परंपराएं और संस्कृतियां हैं। अगर आप तमिलनाडु की तरफ जाएंगे तो वहां की एक संस्कृति है। केरल की अपनी एक संस्कृति है, दिल्ली और ओडिशा की अपनी अलग संस्कृति है। उन्होंने आगे कहा था कि इसी तरह कश्मीर में भी एक संस्कृति है। इसे स्वीकार करें। मणिपुर में लोग कुत्ते का मांस खाते हैं, इस बात को स्वीकार करें। यदि कोई समुदाय गोमांस खाता है तो आपको क्या समस्या है? क्या उन्होंने आपसे खाने के लिए कहा? इसलिए अनेकता में एकता होने के बाद भी हमारे बीच मतभेद हैं। इसे स्वीकार करें।
अगर आप कहेंगे कि ये आपके भगवान हैं...
राजा ने मदुरै में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा था, 'अगर आप कहेंगे कि ये आपके भगवान हैं और भारत माता की जय तो हम उस भगवान और भारत माता को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। हम सब राम के शत्रु हैं।' उन्होंने कहा था कि वह रामायण और भगवान राम पर विश्वास नहीं करते हैं। उन्होंने भगवान हनुमान की तुलना बंदर से करते हुए 'जय श्री राम' के नारे को घृणास्पद बताया था।