फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बंगाल : सीएम ममता पर हमला मामले में चुनाव आयोग ने दी सफाई, कहा- आरोप दुर्भावनापूर्ण

Thu, 11 Mar 2021 10:14 PM IST
Tanuja Yadav न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता

खास बातें

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की हालत अब स्थिर है। नंदीग्राम में बुधवार शाम को कथित हमले के बाद बनर्जी ने सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की थी और उन्हें कोलकाता के सरकारी एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं वरिष्ठ अधिकारियों ने गुरुवार सुबह नंदीग्राम में उस स्थल का दौरा किया, जहां  ममता बनर्जी पर विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान कथित रूप से हमला किया गया था। ममता बनर्जी पर हुए कथित हमले से जुड़े सभी अपडेट्स यहां पढ़िए...
विज्ञापन
घायल ममता बनर्जी - फोटो : Twitter@abhishekaitmc
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:03 PM, 11-Mar-2021

 कैलाश विजयवर्गीय बोले- सहानुभूति लेने के लिए नौटंकी कर रहीं हैं ममता बनर्जी 

भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि ममता बनर्जी लोगों की संवेदनाएं समेटने के लिए नौटंकी कर रहीं हैं। काफी चीजें सामने आ गईं हैं कि वह कोई हमला नहीं था एक दुर्घटना थी।

08:47 PM, 11-Mar-2021

चुनाव आयोग ने ममता पर हमले को बताया दुर्भाग्यपूर्ण

चुनाव आयोग ने नंदीग्राम घटना पर टीएमसी के पत्र का जवाब दिया है। पत्र में आयोग ने कहा है कि पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी घायल हो गईं, यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। यह पूरी तरह से अनापेक्षित और अस्वीकार्य है। चुनाव आयोग ने कहा कि हमारे ऊपर आरोप लगाना सही नहीं है। यह संस्था किसी भी तरह से इस तरह की घटना का समर्थन नहीं करती है। चुनाव आयोग ने कहा कि यह भी कहना गलत है कि हमने चुनाव के नाम पर राज्य की कानून व्यवस्था को अपने नियंत्रण में कर लिया है।

08:10 PM, 11-Mar-2021

अखिलेश यादव बोले- ममता पर हमले की निष्पक्ष जांच हो

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी पर कथित हमले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।  उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि लोग ममता दीदी को एक बार फिर सीएम चुनेंगे।

विज्ञापन
07:14 PM, 11-Mar-2021

भाजपा नेता अर्जुन सिंह बोले- इस घटना के लिए ममता खुद जिम्मेदार

पश्चिम बंगाल में भाजपा उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने विवादित बयान देते हुए कहा कि ममता बनर्जी को चोट जरूर लगी है, पर चोट उन्हें अपनी गलती से लगी है। इतने पुलिस वाले सुरक्षा में थे फिर किसने हमला किया? हमला किया तो अपराधी पकड़ा क्यों नहीं गया? मैं मांग करता हूं कि सैटेलाइट से देखा जाए कि ममता बनर्जी को किसने धक्का मारा। 

06:24 PM, 11-Mar-2021

ममता बनर्जी का मेडिकल टेस्ट

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को मेडिकल टेस्ट के लिए एसएसकेएम अस्पताल की दूसरी बिल्डिंग में ले जाया गया है और उनके साथ अभिषेक बनर्जी भी हैं।

विज्ञापन
06:17 PM, 11-Mar-2021

ममता मामले को लेकर टीएमसी कल काले झंडे के साथ करेगी मौन प्रदर्शन

पश्चिम बंगाल के मंत्री पार्थ चटर्जी ने कहा कि कल यानि शुक्रवार दोपहर तीन से पांच बजे तक नंदीग्राम में हुई घटना को लेकर हम काले झंडे उठाएंगे और काले कपड़े से अपने मुंह को ढक कर मौन विरोध करेंगे। इस तरह हम नंदीग्राम में हुई घटना की निंदा करेंगे।
 

05:44 PM, 11-Mar-2021

टीएमसी के सांसद शुक्रवार को निर्वाचन आयोग जाएंगे

ममता बनर्जी हमले मामले में तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल यानि शुक्रवार को  निर्वाचन आयोग जाएंगे और इस घटना की शिकायत करेंगे।

04:15 PM, 11-Mar-2021

अनिल विज बोले- ममता बनर्जी राकेश टिकैत बनना चाहती हैं

हरियाणा के गृह मंत्री एवं भाजपा नेता अनिल विज ने विवादित बयान देते हुए कहा कि ममता बनर्जी राकेश टिकैत बनना चाहती हैं। वे चाहती हैं कि थोड़े आंसू बहाकर लोगों की सहानूभूति बटोर ली जाए। लेकिन पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी का काम तमाम हो चुका है। उनको कोई ऐसी चोट नहीं लगी है कि वह इतना प्रचार कर रही हैं। 

03:47 PM, 11-Mar-2021

टीएमसी नेता ने दिया विवादित बयान

टीएमसी नेता मदन मित्रा ने विवादित बयान देते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि यह अच्छी तरह से प्रशिक्षित लोगों द्वारा किया गया था जो 'निक्कर' में प्रशिक्षण लेते हैं। अगर इस प्रकार की घटना किसी अन्य राज्य में होती, मान लीजिए गुजरात तो यह एक और गोधरा बन जाता। यह हत्या की साजिश थी। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार होने के नाते मैं आरोप लगा रहा हूं लेकिन पुलिस हमारी बात नहीं सुन रही है। यहां गुंडागर्दी चल रही है। जनता को मालूम है कि ये सब कौन कर रहा है? जिसके पास ताकत है।

03:32 PM, 11-Mar-2021

सुवेंदु अधिकारी ने की पूजा-अर्चना

भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने ईस्ट मिदनापुर के सोनाचुरा त्रिलोकेश्वर मंदिर में पूजा की।

 

03:25 PM, 11-Mar-2021

ममता से मिलने अस्पताल पहुंचे टीएमसी नेता

कोलकाता में एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मिलने टीएमसी नेता नुसरत जहां रूही, मिमी चक्रवर्ती और मदन मित्रा पहुंचे।
 

03:18 PM, 11-Mar-2021

लोगों से शांति बनाए रखने की अपील - ममता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की हालत पहले से स्थिर है। अस्पताल द्वारा जारी मेडिकल बुलेटिन ने इस बात की जानकारी दी। ममता बनर्जी ने कहा कि मैं सभी लोगों से शांति बनाए रखने का अनुरोध करती हूं। आप लोगों से अनुरोध है कि ऐसा करने से बचें जिससे किसी को असुविधा हो। मैं अगले दो से तीन दिनों में काम करने लग जाऊंगी। ममता बनर्जी ने कहा कि मेरे हाथ और पैर में चोटें आई हैं। मैं कार के पास खड़ी थी, जब मुझे धक्का दिया गया। अभी मेरा इलाज चल रहा है और मैं जल्द ही अस्पताल से छूट जाऊंगी। 
 

02:48 PM, 11-Mar-2021

जेड प्लस सिक्योरिटी के बाद भी कैसे हुआ हमला - भाजपा

ममता बनर्जी पर हुए कथित हमले को लेकर भारतीय जनता पार्टी की सांसद लॉकेट चटर्जी ने कहा कि जेड प्लस सिक्योरिटी होने के बाद यह घटना कैसे हुई। हम उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हैं। भाजपा सांसद ने आगे कहा कि हम इस मुद्दे पर राजनीति नहीं चाहते, यह मानवता का मामला है। 
 

02:27 PM, 11-Mar-2021

टीएमसी कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन

तृणमूल कांग्रेस के नेता मदन मित्रा ने पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना में विरोध मार्च निकाला। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हुए कथित हमले के खिलाफ बेलघरिया में टीएमसी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। 
 

01:44 PM, 11-Mar-2021

14 मार्च तक चुनाव प्रचार नहीं करेंगी ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अब 14 मार्च तक किसी चुनाव प्रचार कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेंगी। पार्टी ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि फिलहाल के लिए ममता बनर्जी के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। 

01:35 PM, 11-Mar-2021

भाजपा प्रतिनिधिमंडल पहुंचा चुनाव आयोग

ममता बनर्जी पर हुए कथित हमले के बाद कोलकाता में भारतीय जनता पार्टी का प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग पहुंचा। भाजपा नेता सब्यसाची दत्ता और शिशिर बजोरिया ने चुनाव आयोग के अधिकारियों से मुलाकात की। भाजपा नेताओं ने आयोग से विस्तृत जांच के आदेश देने का अनुरोध किया है। 
 

01:20 PM, 11-Mar-2021

आम लोगों की सहानुभूति से चुनाव जीतना चाहती हैं ममता - अधीर रंजन चौधरी

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि अगर इस हमले के पीछे कोई साजिश है तो सीबीआई, एनआईए, सीआईडी को बुला लें या फिर एसआईटी का गठन कर लें। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ऐसा क्यों नहीं करती हैं? अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि साजिश का बहाना बनाकर ममता बनर्जी लोगों की सहानुभूति लेना चाहती हैं। हमले के समय पुलिस कहां थी। अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज निकालिए, सच सबके सामने आ जाएगा। यही नहीं कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि ये कहना अपने आप में हास्यास्पद है कि उनके साथ पुलिस नहीं थी। ममता बनर्जी बहाने से चुनाव जीतना चाहती हैं।  
 

12:50 PM, 11-Mar-2021

घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा मिलनी चाहिए - टीएमसी सांसद

चुनाव आयोग से मिलने के बाद टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि इस जघन्य घटना के लिए जो लोग जिम्मेदार हैं, उन्हें सजा मिलनी चाहिए। स्थिति इतनी खराब है कि आधे घंटे के अंदर ही अलग-अलग तरह के बयान आने लगे। उन्होंने आगे कहा कि हम ऐसे बयानों की निंदा करते हैं। डेरेक ओ ब्रायन ने आगे कहा कि डॉक्टर से बात करिए और देखिए कि क्या हुआ है। 
 

12:47 PM, 11-Mar-2021

पुलिस ने दर्ज किया मामला

वहीं एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, तृणमूल कांग्रेस के नेता शेख सूफियान की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हुए हमले में मामला दर्ज कर लिया है।

12:39 PM, 11-Mar-2021

भाजपा नेता से नहीं मिल सकीं ममता बनर्जी

ममता बनर्जी से मिलने एसएसकेएम अस्पताल पहुंचे भाजपा नेता तथागत रॉय ने बताया कि वो ममता बनर्जी से मिलना चाहते थे लेकिन मिल नहीं सके। ऐसा इसलिए क्योंकि अभी उनसे मिलने की सलाह नहीं दी गई है। उन्होंने आगे कहा कि हमने अरूप विश्वास से मुलाकात की और ममता बनर्जी को शुभकामनाएं देने के लिए कहा। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी ने घटना की फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की है। 
 

12:31 PM, 11-Mar-2021

टीएमसी इस मुद्दे पर राजनीति कर रही है - कैलाश विजयवर्गीय

ममता बनर्जी पर हुए कथित हमले पर भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि टीएमसी इस मुद्दे पर राजनीति कर रही है। हालांकि, हमारा मानना है कि ऐसे मुद्दों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। हमें आशा है कि पश्चिम बंगाल में चुनावी हिंसा को नियंत्रित करने के लिए चुनाव आयोग पर्याप्त केंद्रीय बल भेजेगा।
 

12:21 PM, 11-Mar-2021

चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे टीएमसी नेता

नंदीग्राम में ममता बनर्जी पर हुए कथित हमले को लेकर शिकायत दर्ज कराने के लिए टीएमसी के नेता चुनाव आयोग पहुंचे। टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन, राज्यमंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य और पार्थ चटर्जी इस मामले में शिकायत दर्ज कराने के लिए चुनाव आयोग पहुंच चुके हैं। 
 

12:17 PM, 11-Mar-2021

भाजपा नेता पहुंचे एसएसकेएम अस्पताल

कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती ममता बनर्जी से मिलने भाजपा नेता तथागत रॉय और शामिक भट्टाचार्य पहुंचे। इसके अलावा टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी भी अस्पताल पहुंच चुके हैं।  
 

12:00 PM, 11-Mar-2021

ममता बनर्जी के पैर की हालत गंभीर - टीएमसी विधायक

कोलकाता में एसएसकेएम अस्पताल के बाहर मौजूद टीएमी विधायक परेश पाल ने ममता बनर्जी के हेल्थ के बारे में अपडेट देते हुए बताया कि उनके पैर की हालत अभी गंभीर है। उन्होंने आगे बताया कि डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि थोड़ा और झटका पड़ता तो रीढ़ की हड्डी चोटिल हो जाती। 
 

11:49 AM, 11-Mar-2021

कथित हमला सहानुभूति का नया हथकंडा - मनोज तिवारी

भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनोज तिवारी ने ट्वीट कर ममता बनर्जी पर हुए हमले को सहानुभूति का नया हथकंडा बताया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि इतने सालो से सेवा करने वाले दीदी के निजी सुरक्षाकर्मियों को ये सिला दिया, जाते जाते उनके ऊपर आरोप लगा दिया.. उन सुरक्षाकर्मियों को भी बहुत ठेस पहुंची होगी जो अब तक इतनी निष्ठा से दीदी की रक्षा करते आए। उन्होंने आगे कहा कि ममता बनर्जी के सहानुभूति का ये हथकंडा सबके सामने आ गया। 
 

10:58 AM, 11-Mar-2021

घटनास्थल पर पहुंचे डीएम-एसपी

ममता बनर्जी पर हुए हमले की जांच के लिए पूर्ब मेदिनीपुर के जिलाधिकारी विभू गोयल और एसपी प्रवीण प्रकाश नंदीग्राम के बुरुलिया बाजार पहुंचे। यहां जिलाधिकारी और एसपी घटना की जांच के लिए पहुंचे हैं। यहीं पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कथित हमला हुआ था, जिसमें उन्हें काफी चोटें आई हैं। 
 

10:35 AM, 11-Mar-2021

12 बजे टीएमसी के नेता चुनाव आयोग से मिलेंगे

ममता बनर्जी पर हुए हमले के बाद अब तृणमूल कांग्रेस के नेता दोपहर 12 बजे चुनाव आयोग से मिलेंगे। वहीं भाजपा प्रतिनिधिमंडल भी चुनाव आयोग से मुलाकात करेगा। हालांकि टीएमसी ने पहले ही चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज करा दी है लेकिन आज दोपहर 12 बजे पार्टी के नेता आयोग से शिकायत करेंगे। 

10:14 AM, 11-Mar-2021

चुनाव आयोग ने हमले पर मांगी रिपोर्ट

टीएमसी ने इस हमले को लेकर चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज करा दी है। वहीं निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से ममता पर हमले की रिपोर्ट तलब की है। इसके बाद सीईओ ने संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी से मामले की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा है।

10:02 AM, 11-Mar-2021

भाजपा समर्थक का दावा, झूठ बोल रही हैं ममता

इधर भाजपा समर्थक भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि ममता बनर्जी झूठ बोल रही हैं। ममता बनर्जी पर किसी ने हमला नहीं किया है। भाजपा कार्यकर्ता सुकुमार मैती ने कहा कि किसी ने ममता को धक्का नहीं दिया। जब वह पोल से टकराई तब उनकी कार का दरवाजा खुला हुआ था।

09:56 AM, 11-Mar-2021

चश्मदीद ने बताई कहानी

घटना के समय वहां पर मौजूद एक चश्मदीद निमाई मैता का कहना है कि यह घटना मेरी दुकान के सामने हुई। करीब 6.10 से 6.20 के बीच ममता बनर्जी एक मंदिर के दर्शन करने के बाद दूसरे मंदिर जा रही थीं। ठीक उसी जगह पर एक मोड़ आया, वह गाड़ी से हाथ हिला रही थीं और गाड़ी से थोड़ा बाहर निकली हुई थीं। उन्होंने बताया कि तभी लोग दौड़ पड़े और कार का दरवाजा उनके पैर पर लग गया।

09:52 AM, 11-Mar-2021

ममता पर हुए हमले की जांच शुरू

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हुए कथित हमले की जांच शुरू हो चुकी है। घटनास्थल के पास मौजूद मिठाई की दुकान के मालिक निमाई मैती से पूछताछ करने के लिए नंदीग्राम पूर्ब के जिलाधिकारी विभू गोयल और एसपी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

09:38 AM, 11-Mar-2021

बंगाल : सीएम ममता पर हमला मामले में चुनाव आयोग ने दी सफाई, कहा- आरोप दुर्भावनापूर्ण

पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले टीएमसी को एक बड़ा झटका लगा है। टीएमसी प्रमुख और राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नंदीग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान चोटिल हो गईं। ममता बनर्जी के पैर पर चोट आई है। ममता के सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है। वहीं ममता ने आरोप लगाया है कि उनपर हमला किया गया है। ममता का कहना है कि उन्हें कार में धक्का दिया गया था और जबरदस्ती दरवाजा बंद किया गया था। फिलहाल ममता बनर्जी को 48 घंटों तक डॉक्टरों की निगरानी में रखा जाएगा।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें