इस साल लोकसभा चुनावों में बंगाल में भाजपा का चेहरा रहे निभाष सरकार ने नेशनल रजिस्टर आफ सिटीजंस (एनआरसी) के आतंक से आत्महत्या कर ली है। लोकसभा चुनाव के दौरान हनुमान के वेश में निभाष की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। उन्होंने शुक्रवार को नदिया जिले के अपने हांसखाली गांव में आत्महत्या कर ली।
स्थानीय लोगों ने कहा कि नागरिकता संबंधी दस्तावेज नहीं होने की वजह से वह बीते कुछ दिनों से काफी परेशान थे। हाल में कोलकाता आए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा था कि केंद्र सरकार बंगाल में एनआरसी लागू करने के लिए कृतसंकल्प है। लोकसभा चुनावों में निभाष ने रानाघाट संसदीय सीट के भाजपा उम्मीदवार जगन्नाथ सरकार के पक्ष में प्रचार किया था।
पुलिस का अनुमान है कि उसने कोई जहरीली चीज खा कर जान दी है। पुलिस ने बताया कि रात के समय हालत बिगड़ने के बाद निभाष को शक्तिनगर अस्पताल ले जाया जा रहा था। लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। लेकिन निभाष के घरवालों ने उसकी आत्महत्या की वजह पर चुप्पी साध रखी है।